राहुल गांधी का चुनाव आयोग पर हमला : कहा- बेंगलुरु सेंट्रल में फर्जी वोटिंग, 1 लाख से ज्यादा वोट हुए चोरी

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बेंगलुरु सेंट्रल लोकसभा सीट पर बड़ी अनियमितता हुई और इसी वजह से कांग्रेस 3% से भी कम अंतर से बीजेपी से हार गई। राहुल गांधी ने इसे ‘फर्जी मतदाता और डुप्लीकेट वोटिंग’ का मामला बताया।
चुनाव आयोग ने राहुल से मांगा हलफनामा
कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राहुल गांधी से कहा है कि वे अपने आरोपों को लेकर हलफनामा दें। इस पर राहुल ने जवाब देते हुए कहा कि मैं जो जनता से कहता हूं, वही मेरा वचन है। इसे ही हलफनामा मानिए। राहुल गांधी ने दावा किया कि उनके पास जो आंकड़े हैं, वे चुनाव आयोग के ही डेटा पर आधारित हैं।
महादेवपुरा सीट पर गड़बड़ी का आरोप
राहुल गांधी ने बताया कि उनकी टीम ने बेंगलुरु सेंट्रल के महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र का डेटा खंगाला और बड़ी गड़बड़ी का खुलासा किया।
एक पते पर 50-50 वोटर, नाम एक, फोटो अलग
राहुल गांधी ने कहा कि कई जगहों पर एक ही पते पर 50-50 मतदाता पंजीकृत थे। नाम एक जैसे थे लेकिन फोटो अलग-अलग। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अब भी यह भरोसा किया जा सकता है कि एक व्यक्ति को एक वोट का अधिकार सुरक्षित है?
‘बीजेपी के खिलाफ नहीं बनता सत्ता विरोधी माहौल’
राहुल गांधी ने कहा कि देश में सत्ता विरोधी माहौल तो होता है, लेकिन बीजेपी इकलौती पार्टी है, जिसके खिलाफ यह माहौल नतीजों में नहीं दिखता। उन्होंने महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि वहां सर्वे कुछ और कह रहे थे, लेकिन नतीजे अलग आए।





















