राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम पर सियासत तेज, पटवारी बोले- अनुमति नहीं मिली तो सड़क पर करेंगे आयोजन

इंदौर। लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 19 सितंबर को इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम करेंगे। इसकी तैयारियां जारी है। तैयारियों के साथ ही सियासत भी चल रही है। हालांकि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इसे गैर राजनीतिक आयोजन बताते हुए कहा कि इसे राजनीतिक नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आयोजन के लिए प्रशासन, पुलिस या अन्य विभागों से आवश्यक अनुमति नियमानुसार ली जाएगी।
10 करोड़ भी मांगते तो जमा करने की कोशिश करते
जीतू पटवारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि प्रस्तावित मैदान में कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिली तो कांग्रेस सड़क पर आयोजन करेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा की सुरक्षा का संघर्ष देश की आजादी की लड़ाई जैसा है। पटवारी के मुताबिक, आयोजन के लिए यदि कांग्रेस से 10 करोड़ रुपए भी मांगे जाते, तो कार्यकर्ता किसी भी तरह राशि जुटाने का प्रयास करते।
मैदान के लिए कांग्रेस ने जमा किए 10.08 लाख रुपए
कांग्रेस ने ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए रीजनल पार्क के सामने करीब 12 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में फैले मैदान के तीन दिन के अस्थायी पट्टे के लिए इंदौर विकास प्राधिकरण के खाते में 10.08 लाख रुपए जमा किए हैं। हालांकि, प्रमुख विपक्षी दल को अब तक आयोजन की अंतिम मंजूरी नहीं मिली है और संबंधित सरकारी प्रक्रिया जारी है।
ये भी पढ़ें: ‘80% भारतीय नॉन-वेज खाते हैं!’ छोले-भटूरे की तस्वीर शेयर कर राहुल गांधी ने कही ऐसी बात, पोस्ट वायरल
नेहरू स्टेडियम की अनुमति नहीं मिलने पर बदली तारीख
कांग्रेस ने शुरुआत में कार्यक्रम के लिए जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम की अनुमति मांगी थी, लेकिन अनुमति नहीं मिलने के बाद कार्यक्रम की तारीख 12 सितंबर से बढ़ाकर 19 सितंबर कर दी गई। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा था कि मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के पुराने आदेश के तहत स्टेडियम का इस्तेमाल केवल खेलकूद या राज्यस्तरीय शासकीय आयोजनों के लिए किया जा सकता है।
शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर राहुल गांधी का विद्यार्थी संवाद
‘छात्रों की गूंज’ कांग्रेस का विद्यार्थी संवाद अभियान है। इसके माध्यम से राहुल गांधी प्रश्नपत्र लीक, महंगी शिक्षा, सरकारी भर्तियों में अनियमितताओं और बेरोजगारी जैसे मुद्दे उठा रहे हैं। अभियान के तहत कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे में कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। पटवारी ने राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर भाजपा की सोच पर भी सवाल उठाया।
ये भी पढ़ें: भोपाल में असदुद्दीन ओवैसी के कार्यक्रम का विरोध, मुस्लिम त्योहार कमेटी ने कहा प्रशासन अनुमति पर फिर से विचार करें
मास्टर प्लान पर भी पटवारी ने सरकार को दी चेतावनी
जीतू पटवारी ने भोपाल और इंदौर के विकास के लिए प्रस्तावित मास्टर प्लान को लेकर भी सरकार को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि तीन महीने में दोनों शहरों का मास्टर प्लान घोषित नहीं किया गया, तो कांग्रेस 50 हजार कार्यकर्ताओं के साथ इंदौर से भोपाल कूच करेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से उनके आवास पर मुलाकात करने की बात भी कही।




















