Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भोपाल में असदुद्दीन ओवैसी के कार्यक्रम का विरोध, मुस्लिम त्योहार कमेटी ने कहा प्रशासन अनुमति पर फिर से विचार करें

मध्यप्रदेश मुस्लिम त्योहार कमेटी ने 15 सितंबर को भोपाल की सेंट्रल लाइब्रेरी में प्रस्तावित AIMIM प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी के कार्यक्रम की अनुमति पर पुनर्विचार की मांग की है। प्रदेश अध्यक्ष जीशान रहमान ने प्रशासन से कानून-व्यवस्था, भीड़, यातायात और सामाजिक सौहार्द को ध्यान में रखते हुए आवश्यक निर्णय लेने का आग्रह किया है।
भोपाल में असदुद्दीन ओवैसी के कार्यक्रम का विरोध, मुस्लिम त्योहार कमेटी ने कहा प्रशासन अनुमति पर फिर से विचार करें
फाइल फोटो

भोपाल। मध्यप्रदेश मुस्लिम त्योहार कमेटी ने 15 सितंबर 2026 को भोपाल की सेंट्रल लाइब्रेरी में प्रस्तावित ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के कार्यक्रम का विरोध किया जा रहा है। मप्र मुस्लिम त्योहार कमेटी ने कार्यक्रम की अनुमति नहीं देने या कानून के अनुसार आवश्यक प्रतिबंध लगाने की मांग की है।। कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीशान रहमान शानू ने मुख्यमंत्री, कलेक्टर, पुलिस आयुक्त, पुलिस उपायुक्त और जोन-3 के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर कार्यक्रम से जुड़ी परिस्थितियों का प्रशासनिक स्तर पर गंभीरता से आकलन करने का आग्रह किया है। ओवैसी यूसीसी के विरोध में निकाली जा रही यात्रा में शामिल होने 15 सितंबर को भोपाल पहुंच रहे हैं। 

ओवैसी के पूर्व बयानों से विवाद की आशंका 

कमेटी ने ज्ञापन में AIMIM के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी के पूर्व सार्वजनिक भाषणों और बयानों को लेकर विवाद की स्थितियां उत्पन्न होने की खबरों का भी उल्लेख किया है। कहा गया है कि यदि कार्यक्रम के दौरान ऐसा कोई वक्तव्य सामने आता है, जिसे किसी समुदाय की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला या उत्तेजक माना जाए, तो अनावश्यक तनाव पैदा हो सकता है। ज्ञापन में पूर्व विधायक टी. राजा सिंह के कार्यक्रमों के संबंध में कानून-व्यवस्था एवं स्थानीय परिस्थितियों को देखते हुए अनुमति नहीं दिए जाने का उदाहरण भी दिया गया है।

ये भी पढ़ें: ‘80% भारतीय नॉन-वेज खाते हैं!’ छोले-भटूरे की तस्वीर शेयर कर राहुल गांधी ने कही ऐसी बात, पोस्ट वायरल

गणेश उत्सव के बीच भीड़ और कानून-व्यवस्था का हवाला

ज्ञापन में कहा गया है कि भोपाल अपनी गंगा-जमुनी तहजीब, आपसी भाईचारे और सभी धर्मों के लोगों के शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व के लिए जाना जाता है। वर्तमान में गणेश उत्सव का महत्वपूर्ण धार्मिक पर्व चल रहा है। सेंट्रल लाइब्रेरी और उसके आसपास गणेश प्रतिमाओं की बिक्री एवं खरीद के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की आवाजाही रहती है। ऐसे में बड़े राजनीतिक कार्यक्रम से अतिरिक्त भीड़, यातायात दबाव तथा कानून-व्यवस्था से जुड़ी परिस्थितियां उत्पन्न होने की संभावना जताई गई है।

सख्त शर्तों के साथ आयोजन की मांग 

ज्ञापन में मध्यप्रदेश मुस्लिम त्योहार कमेटी ने स्पष्ट किया कि उसका उद्देश्य किसी व्यक्ति या समुदाय का विरोध करना नहीं, बल्कि भोपाल की शांति, धार्मिक सद्भाव और गंगा-जमुनी तहजीब को बनाए रखना है। कमेटी ने प्रशासन से 15 सितंबर के कार्यक्रम की अनुमति पर तत्काल समीक्षा करने तथा परिस्थितियां अनुकूल नहीं होने पर अनुमति नहीं देने या कानून के अनुसार आवश्यक प्रतिबंध लगाने की मांग की है। अनुमति दिए जाने की स्थिति में भाषणों और वक्तव्यों में लागू कानूनों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा आपत्तिजनक वक्तव्य पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई का आग्रह किया गया है।

/img/89/1789297316772

 

/img/89/1789297336365

 

/img/89/1789297352890

 

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

Latest Posts