कतर के सबसे बड़े बरजान गैस प्लांट में धमाका :54 लोग घायल… 18 लापता; क्यों बढ़ी पूरी दुनिया की चिंता?

दोहा। दुनिया के सबसे बड़े प्राकृतिक गैस उत्पादकों में शामिल कतर से बड़ी खबर सामने आई है। देश के रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी स्थित बरजान गैस सप्लाई प्लांट में रविवार रात अचानक भीषण विस्फोट हो गया। धमाके के बाद पूरे परिसर में आग फैल गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 54 लोग घायल हुए हैं, जबकि 18 कर्मचारियों के अब भी लापता होने की खबर है।
हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते आपातकालीन टीमों ने आग पर काबू पा लिया और किसी बड़े गैस रिसाव की पुष्टि नहीं हुई। इसके बावजूद यह हादसा कतर के ऊर्जा क्षेत्र और वैश्विक गैस बाजार के लिए चिंता का विषय बन गया है।
संचालन शुरू करते समय हुआ धमाका
कतर की सरकारी ऊर्जा कंपनी QatarEnergy के अनुसार, हादसा उस समय हुआ, जब बरजान गैस सप्लाई सेंटर में मरम्मत के बाद दोबारा संचालन शुरू करने की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान अचानक तकनीकी खराबी के कारण जोरदार विस्फोट हुआ और प्लांट में आग लग गई। विस्फोट के तुरंत बाद इमरजेंसी रिस्पॉन्स यूनिट, सिविल डिफेंस और मेडिकल टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया।
54 घायल, 18 लोगों की तलाश जारी
शुरुआत में अधिकारियों ने कहा था कि केवल कुछ लोग घायल हुए हैं और गैस रिसाव जैसी कोई गंभीर स्थिति नहीं बनी है। लेकिन बाद में कतर के गृह मंत्रालय ने अपडेट जारी करते हुए बताया कि हादसे में 54 लोग घायल हुए हैं, जबकि 18 लोग अभी भी लापता हैं। लापता कर्मचारियों की तलाश के लिए कतर इंटरनेशनल सर्च एंड रेस्क्यू ग्रुप और सिविल डिफेंस की टीमें लगातार अभियान चला रही हैं। घायलों का इलाज अस्पतालों में किया जा रहा है।
गैस रिसाव नहीं, जनता को खतरा नहीं
गृह मंत्रालय ने कहा कि, विस्फोट के बावजूद ऐसा कोई गैस रिसाव नहीं हुआ जिससे आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा को खतरा हो। अधिकारियों के मुताबिक, स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
दोहा तक सुनाई दी धमाके की आवाज
स्थानीय मीडिया और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज राजधानी दोहा तक सुनाई दी। हालांकि प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।
क्यों हुआ यह हादसा?
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि, हादसा किसी हमले की वजह से नहीं बल्कि तकनीकी खराबी के कारण हुआ। फिलहाल विशेषज्ञों की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि संचालन शुरू करते समय आखिर ऐसी कौन-सी तकनीकी समस्या आई जिससे इतना बड़ा विस्फोट हुआ। सरकार ने पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।
पहले युद्ध की वजह से बंद था प्लांट
यह गैस प्लांट पिछले कुछ समय से बंद पड़ा था। ईरान और पश्चिम एशिया में बढ़े तनाव के दौरान होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) पर आवाजाही प्रभावित होने से कतर अपने गैस निर्यात में दिक्कतों का सामना कर रहा था। इसी वजह से उत्पादन भी रोकना पड़ा था। हाल के दिनों में क्षेत्र में तनाव कुछ कम होने और समुद्री मार्ग पर गतिविधियां सामान्य होने लगीं तो प्लांट को दोबारा शुरू करने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। इसी दौरान यह बड़ा हादसा हो गया।
क्यों इतना महत्वपूर्ण है रास लाफान?
रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी कतर की ऊर्जा अर्थव्यवस्था का सबसे महत्वपूर्ण केंद्र माना जाता है। यहीं से देश के बड़े हिस्से का प्राकृतिक गैस उत्पादन और निर्यात संचालित होता है। बरजान गैस प्लांट अकेले प्रतिदिन लगभग 1.4 अरब स्टैंडर्ड क्यूबिक फीट गैस उत्पादन करने की क्षमता रखता है। इस गैस का उपयोग मुख्य रूप से देश में बिजली उत्पादन, समुद्री पानी को मीठा बनाने वाले डीसैलिनेशन प्लांट, घरेलू गैस आपूर्ति और औद्योगिक इकाइयों में किया जाता है।
ExxonMobil की भी हिस्सेदारी
बरजान गैस परियोजना का अधिकांश स्वामित्व कतर सरकार के पास है। वहीं अमेरिकी ऊर्जा कंपनी ExxonMobil की भी इसमें छोटी हिस्सेदारी है।
वैश्विक ऊर्जा बाजार पर क्यों बढ़ी चिंता?
कतर दुनिया के सबसे बड़े LNG (Liquefied Natural Gas) निर्यातकों में शामिल है। ऐसे में उसके सबसे महत्वपूर्ण गैस केंद्र में हुआ हादसा अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार के लिए भी अहम माना जा रहा है। अगर प्लांट लंबे समय तक प्रभावित रहता है तो वैश्विक गैस सप्लाई, LNG शिपमेंट और अंतरराष्ट्रीय कीमतों पर असर देखने को मिल सकता है। हालांकि अभी तक कतर सरकार ने गैस निर्यात में किसी बड़े व्यवधान की पुष्टि नहीं की है।











