किसानों पर रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा की टिप्पणी से विवाद, बोले- तीन महीने मेहनत और नौ महीने ताश-राजश्री में गुजरते हैं

रीवा। देश का पेट भरने वाले अन्नदाता किसानों की मेहनत और संघर्ष को लेकर रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा का एक बयान विवादों में आ गया है। मऊगंज के रकरी गांव में गोवर्धन पूजा कार्यक्रम के दौरान सांसद ने किसानों की कार्यशैली पर टिप्पणी की।
सांसद ने कहा कि किसान साल में केवल तीन महीने मेहनत करता है, जबकि बाकी नौ महीने ताश, राजश्री, बोतल, चोगी और 'जय भोले' में गुजार देता है। सांसद के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में बहस छिड़ गई है।
रीवा में डॉक्टरों पर भड़के BJP सांसद जनार्दन मिश्रा, बोले- भगवान नहीं, रुपए कमाने की मशीन बन गए
लोगों ने अन्नदाताओं का अपमान बताया
सांसद की इस टिप्पणी को लेकर सबसे ज्यादा सवाल किसानों के सम्मान और उनकी मेहनत को लेकर उठ रहे हैं। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इसे अन्नदाताओं का अपमान बताते हुए नाराजगी जाहिर की है।
लोगों का कहना है कि खेती-किसानी केवल खेत में फसल बोने और काटने तक सीमित नहीं है। इसके लिए किसान को सालभर मौसम की मार, खाद-बीज की व्यवस्था, सिंचाई, कीटों से फसल की सुरक्षा और बाजार में उपज का उचित मूल्य पाने के लिए संघर्ष करना पड़ता है।
रीवा बनेगा इलाज का बड़ा केंद्र, सरकारी अस्पतालों में शुरू हुईं हाईटेक सुविधाएं
तीन महीने वाली टिप्पणी पर सवाल वाजिब
किसानों के सामने कभी अतिवृष्टि तो कभी सूखे की चुनौती रहती है। कर्ज, बढ़ती लागत और फसल के दाम की अनिश्चितता भी उनकी परेशानियों में शामिल हैं। ऐसे में उनकी सालभर की मेहनत को महज तीन महीने तक सीमित बताने वाली टिप्पणी पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
हालांकि, सांसद के बयान को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं, लेकिन फिलहाल बहस का केंद्र उनकी टिप्पणी ही बनी हुई है। अब सबकी नजर सांसद जनार्दन मिश्रा की सफाई पर है। सवाल यह भी है कि क्या सांसद अपने बयान के संदर्भ को स्पष्ट करेंगे या किसानों की नाराजगी के बीच इस विवाद पर चुप्पी बनाए रखेंगे?




















