मैहर रोपवे की बदइंतजामी से श्रद्धालु परेशान: 2 मिनट हवा में लटकी रहीं ट्रॉलियां, पेयजल और वीआईपी व्यवस्था पर सवाल

मैहर। मां शारदा की पावन नगरी मैहर में दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं को रोपवे की अव्यवस्थाओं के चलते भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रोपवे संचालन में लापरवाही और प्रबंधन की मनमानी को लेकर अब श्रद्धालुओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
एक दर्शनार्थी द्वारा साझा किए गए वीडियो में रोपवे की ट्रॉलियां करीब दो मिनट तक हवा में रुकी हुई दिखाई दे रही हैं। इस दौरान ट्रॉलियों में बैठे श्रद्धालुओं की सांसें अटकी रहीं।
श्रद्धालुओं का आरोप है कि घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद जब रोपवे ट्रॉली में बैठने का नंबर आता है, तब भी उन्हें समय पर सुविधा नहीं मिलती। छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। आरोप है कि रोपवे प्रबंधन और स्टाफ का व्यवहार भी श्रद्धालुओं के प्रति उचित नहीं है तथा जानबूझकर लोगों को परेशान किया जाता है।
निजी कैंटीन पर जोर, पेयजल व्यवस्था पर सवाल
श्रद्धालुओं ने एक और गंभीर समस्या उठाई है। उनका आरोप है कि रोपवे परिसर में पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था नहीं है। निजी कैंटीन के संचालन के बीच श्रद्धालुओं को पानी जैसी मूलभूत सुविधा के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है। भूख-प्यास से बेहाल छोटे बच्चे और बुजुर्ग घंटों इंतजार करने को मजबूर हैं। आरोप यह भी है कि लोगों को मजबूरी में कैंटीन से सामान खरीदना पड़ता है।
वीआईपी गेट से प्रवेश, आम श्रद्धालुओं को परेशानी
श्रद्धालुओं ने अलग वीआईपी गेट से प्रवेश दिए जाने की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि आम श्रद्धालु लंबी कतारों में खड़े रहते हैं, जबकि अलग प्रवेश व्यवस्था के कारण आम लोगों की परेशानी और बढ़ जाती है। श्रद्धालुओं का सवाल है कि जब सरकार की ओर से कोई विशेष वीआईपी व्यवस्था निर्धारित नहीं है, तो फिर आम दर्शनार्थियों के साथ इस तरह का व्यवहार क्यों?
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
मां शारदा के दर्शन के लिए देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं का कहना है कि धार्मिक नगरी की पहचान केवल मंदिर से नहीं, बल्कि यहां मिलने वाली सुविधाओं और श्रद्धालुओं के सम्मानजनक व्यवहार से भी होती है। रोपवे प्रबंधन की कार्यप्रणाली, ट्रॉलियों के संचालन, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल और कर्मचारियों के व्यवहार की जांच होनी चाहिए।
अब सवाल यह है कि रोपवे प्रबंधन की इन शिकायतों पर जिला प्रशासन और संबंधित जिम्मेदार अधिकारी कब संज्ञान लेंगे? आखिर मां शारदा के दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं को बुनियादी सुविधाओं के लिए कब तक परेशान होना पड़ेगा?




















