बांधवगढ़ में एक सदी बाद हाथियों ने बनाया स्थायी ठिकाना, 50 से 70 तक पहुंची संख्या, सुरक्षा के लिए वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी
उमरिया। बाघों के गढ़ के रूप में विख्यात में एशियाई जंगली हाथियों ने लगभग सौ साल बाद अपनी ऐतिहासिक जमीन पर स्थायी डेरा जमा लिया है। वर्ष 2018 में छत्तीसगढ़ से शहडोल कॉरिडोर के रास्ते आए झुंड के बाद वर्तमान में इस पूरे लैंडस्केप में हाथियों की संख्या बढ़कर 50 से 70 तक पहुंच गई है।
पर्याप्त जलस्रोत, सघन वन और सुरक्षा मिलने से यह मौसमी प्रवास अब स्थायी रहवास में बदल चुका है, जिससे उमरिया, शहडोल और संजय-दुबरी क्षेत्र में जैव-विविधता का नया अध्याय शुरू हुआ है।
अक्टूबर 2024 में खितौली-पतौर रेंज में कोदो फसल की फफूंद जनित माइकोटॉक्सिन (साइक्लोपियाज़ोनिक एसिड) से 10 हाथियों की असमय मौत के बाद वन प्रबंधन ने सुरक्षा के कड़े कदम उठाए हैं। राज्य शासन द्वारा 'राज्य स्तरीय एलीफेंट टास्क फोर्स' का गठन कर मध्य प्रदेश को 'प्रोजेक्ट एलीफेंट' के दायरे में शामिल किया गया है।
मुखिया मादाओं को कॉलर पहनाने की तैयारी
मानव-हाथी द्वंद्व रोकने के लिए भारतीय वन्यजीव संस्थान और डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के तकनीकी सहयोग से नर हाथियों की सैटेलाइट और रेडियो कॉलरिंग की गई है। लंबी दूरी नापने वाले 'कॉलर 4' (माइकल फेल्प्स) के बाद अब झुंड की मुखिया मादाओं को कॉलर पहनाने की तैयारी है।
बांधवगढ़ में हाथी शावक कृष्णा का पहला जन्मदिन धूमधाम से मना, गन्ने और फलों से बना खास केक
25 सौ से ज्यादा ग्रामीण गजरक्षक ऐप से जुडे़
इधर, तकनीक और जनसहयोग का मॉडल स्थापित करते हुए 'गजरक्षक' मोबाइल ऐप से 125 से अधिक गांवों के 2500 से ज्यादा ग्रामीणों को जोड़ा गया है, जिन्हें हाथियों की मौजूदगी के रियल-टाइम अलर्ट भेजे जा रहे हैं। साथ ही चौबीसों घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम और गांवों में गठित 'हाथी मित्र दल' ग्रामीणों को सतर्क कर जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं। त्वरित मुआवजा और अंतर-राज्यीय कॉरिडोर प्रबंधन से सह-अस्तित्व को निरंतर मजबूती दी जा रही है।
























