
भोपाल/श्योपुर। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले स्थित कूनो नेशनल पार्क में साउथ अफ्रीका से 12 चीतों की एक ओर खेप आ रही हैं। इंडियन एयरफोर्स का विशेष विमान C-17 ग्लोबमास्टर चीतों को लाने के लिए शुक्रवार सुबह साउथ अफ्रीका पहुंच चुका है। वहीं चीतों ने भारत आने के लिए साउथ अफ्रीका से अपनी यात्रा शुरू कर दी है। पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी और तस्वीरें शेयर की।
विमान 18 फरवरी यानी शनिवार को सुबह 10 बजे ग्वालियर के महाराजपुरा एयरपोर्ट पर लैंड करेगा। वहां से सुबह 11 बजे तक तीन हेलिकॉप्टर चीतों को लेकर श्योपुर जिले के कूनो राष्ट्रीय उद्यान पहुंचेंगे। इसके साथ ही कूनो में चीतों की संख्या 8 से बढ़कर 20 हो जाएगी।
सीएम चीतों को क्वारेंटाइन बाड़ों में छोड़ेंगे
कूनों नेशनल पार्क में नए मेहमानों के लिए पूरी तैयारी कर ली गई हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय वन और पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव, केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया साउथ अफ्रीका से लाए जा रहे 12 चीतों को क्वारेंटाइन बाड़ों में छोड़ेंगे। इनमें 7 नर और 5 मादा चीता हैं। वहीं दो भाईयों की जोड़ियां हैं। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 सितंबर को नामीबिया से लाए 8 चीतों में से 5 चीतों को बाड़े में छोड़ा था।
The 12 cheetahs arriving from South Africa, under the visionary leadership of PM Shri @narendramodi ji to restore our ecological balance, have begun their journey to India.
Indian Air Force's C-17 Globemaster aircraft will get them home tomorrow.
Get ready to welcome them. pic.twitter.com/MRlDejQQlo
— Bhupender Yadav (@byadavbjp) February 17, 2023
डॉक्टर-एक्सपर्ट की मौजूदगी में हुए रवाना
इस बार साउथ अफ्रीका से आने वाले 7 नर और 5 मादा चीतों को वेटरनरी डॉक्टर और चीता एक्सपर्ट डॉक्टर लारेल की मौजूदगी में विशेष विमान C-17 ग्लोबमास्टर के जरिए लाया जा रहा है। साउथ अफ्रीका से आने वाले चीतों का स्वागत करने के लिए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव कूनो नेशनल पार्क में मौजूद रहेंगे। वहीं रक्षा मंत्रालय की ओर से एयरफोर्स ने इस पूरी सेवा के लिए पर्यावरण मंत्रालय से किसी भी तरह की फीस नहीं ली है और निशुल्क सेवा प्रदान की है।
चीतों के लिए 10 क्वारेंटाइन बाड़े बनाएं गए हैं
कूनो नेशनल पार्क के निदेशक उत्तम शर्मा ने बताया कि उन्होंने साउथ अफ्रीकी चीतों की देखभाल के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। चीतों के लिए 10 क्वारेंटाइन बाड़े तैयार किए गए हैं। इनमें 8 नए और 2 पुराने क्वारेंटाइन बाड़े को परिवर्तित किया गया है। सभी क्वारेंटाइन बाड़े में छाया के लिए शेड बनाए गए हैं। चीतों के लिए पानी की व्यवस्था की गई है।
ये भी पढ़ें: इंतजार खत्म… Kuno National Park में दक्षिण अफ्रीका से आएंगे 12 चीते, 18 फरवरी को CM शिवराज बाड़े में करेंगे रिलीज
विशेषज्ञों ने कहा कि साउथ अफ्रीका के एक प्रतिनिधिमंडल ने पिछले साल सितंबर की शुरुआत में कूनो का दौरा किया था, ताकि चीतों के आवास के लिए वन्यजीव अभ्यारण्य में व्यवस्था देखी जा सके। बताया जा रहा है कि साउथ अफ्रीका से आने वाले चीते नामीबिया से आने वाले 8 चीतों के साथ ही रहेंगे।
पीएम मोदी के जन्मदिन पर आए थे चीते
बता दें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने जन्मदिन पर यानि 17 सितंबर 2022 को मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के कूनो नेशनल पार्क में चीतों को बाड़े में छोड़ा। देश की धरती पर 70 साल बाद फिर चीते आए। भारत में 1952 में चीतों को विलुप्त घोषित किया गया। इसके बाद भारत सरकार ने नामीबिया से 8 चीते लाए है। इनमें 5 मादा और 3 नर चीते शामिल हैं। चीतों को 4 महीने के क्वारेंटाइन पीरियड के दौरान छोटे बाड़े और बड़े बाड़े में रहकर कूनो के माहौल में डाला गया।