Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

यूपी चुनाव 2027: सपा-कांग्रेस की सीट शेयरिंग को लेकर पहली बैठक, 60 सीटों पर हुई चर्चा

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में गठबंधन के तहत चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत शुरू कर दी है। सोमवार को दिल्ली में दोनों दलों के नेताओं की पहली बैठक हुई, जिसमें 181 सीटों की सूची में से 60 सीटों पर चर्चा की गई।
यूपी चुनाव 2027: सपा-कांग्रेस की सीट शेयरिंग को लेकर पहली बैठक, 60 सीटों पर हुई चर्चा
यूपी चुनाव 2027: सपा-कांग्रेस की सीट शेयरिंग को लेकर पहली बैठक

नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर हुई बैठक में दोनों दलों के नेताओं ने अपनी-अपनी बात रखी। सपा सांसद राम गोपाल यादव ने 2-3 दिन में बातचीत पूरी होने की उम्मीद जताई है, जबकि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने सीटों के नंबरों के लिए 3-4 दिन इंतजार करने को कहा है। दोनों पार्टियों ने सीट बंटवारे पर बातचीत के लिए अलग-अलग समितियां भी बनाई हैं।

181 सीटों की सूची में से 60 पर हुई चर्चा

दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर हुई बातचीत में 181 सीटों की सूची में से 60 सीटों पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में सबसे पहले सपा सांसद राम गोपाल यादव कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पहुंचे। बैठक के बाद उन्होंने कहा कि बातचीत बेहद सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे की बात सुनी। उन्होंने भरोसा जताया कि 2-3 दिनों में बातचीत पूरी कर गठबंधन को अंतिम रूप देने की जानकारी दी जाएगी। अगली बैठक मंगलवार को होगी।

ये भी पढ़ें: यूपी चुनाव से पहले बढ़ी सियासी हलचल, आजम खान से मिलने डासना जेल पहुंचे शिवपाल यादव

आराधना मिश्रा बोलीं- 3-4 दिन में तैयार हो जाएगी पूरी बात

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि बैठक में दोनों दलों ने अपनी-अपनी बात रखी है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर भरोसा करते हैं और आपसी सहमति से चर्चा आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को फिर बैठक होगी और इसके बाद बातचीत को आगे बढ़ाया जाएगा। सीटों के बंटवारे से जुड़ी सभी चीजें तैयार होने में करीब तीन से चार दिन का समय लगेगा।

प्रमोद तिवारी के आवास पर हुई बैठक

कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि उन्हें पार्टी की ओर से यह आवास दिया गया है, जहां सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत हुई। उन्होंने कहा कि दोनों दल आपसी सम्मान और स्नेह के साथ गठबंधन को आगे बढ़ाने पर सहमत हैं। यह गठबंधन का मामला है, फिर भारतीय जनता पार्टी इसे लेकर इतनी परेशान क्यों है।

Breaking News

कांग्रेस ने बनाई छह सदस्यीय समिति

सीटों के बंटवारे पर विचार-विमर्श के लिए कांग्रेस ने छह सदस्यीय समिति बनाई है। इसमें संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, महासचिव प्रियंका वाड्रा, प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना, कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद और उत्तर प्रदेश विधायक दल के नेता वीरेंद्र चौधरी को शामिल किया गया है। यह समिति सपा के साथ सीटों को लेकर बातचीत कर रही है।

ये भी पढ़ें: यूपी चुनाव से पहले अखिलेश यादव का बड़ा बयान, चंद्रशेखर आजाद से गठबंधन से किया इनकार; ओवैसी पर भी साधा निशाना

सपा की समिति में राम गोपाल यादव समेत चार नेता शामिल

समाजवादी पार्टी ने रविवार को सीट बंटवारे पर बातचीत के लिए चार सदस्यीय समिति गठित की थी। इसके प्रमुख पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राम गोपाल यादव हैं। समिति में उत्तर प्रदेश सपा अध्यक्ष श्याम लाल पाल, सांसद राजीव राय और इकरा हसन को भी शामिल किया गया है। दोनों दलों की समितियां मिलकर सीटों के बंटवारे पर सहमति बनाने में जुटी हैं।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...

Latest Posts