कार्तिक पूर्णिमा पर नर्मदा घाटों पर उमड़े श्रद्धालु, रेवा-कुब्जा संगम पर हजारों ने लगाई आस्था की डुबकी

सोहागपुर। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर क्षेत्र के नर्मदा तटों पर श्रद्धा और आस्था का उल्लास देखने को मिला। माता सरस्वती की तपोभूमि अजेरा स्थित रेवा-कुब्जा संगम सहित सोहागपुर क्षेत्र के विभिन्न नर्मदा घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने पवित्र नर्मदा में स्नान कर पूजा-पाठ, ध्यान, हवन और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए तथा पुण्य लाभ प्राप्त किया।
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर रेवा-कुब्जा संगम पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। नर्मदा और कुब्जा के संगम स्थल पर श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान धार्मिक आयोजन, हवन तथा भंडारों का भी आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
महादेव घाट में पूर्व CM भूपेश बघेल की छलांग, गुलाटी मारकर खारून में लगाई डुबकी, VIDEO वायरल
रेवा-कुब्जा संगम का धार्मिक महत्व
धार्मिक मान्यताओं और पुराणों के अनुसार रेवा-कुब्जा संगम का विशेष महत्व है। मान्यता है कि इस संगम पर दस हजार तीर्थों का नित्य निवास रहता है। इसके साथ ही काशी, प्रयाग, पुष्कर, हिमाचल, मलय, नीलकंठ सहित अनेक तीर्थ उषाकाल में यहां पहुंचकर संगम में स्नान करते हैं। इसी धार्मिक मान्यता के चलते कार्तिक पूर्णिमा पर रेवा-कुब्जा संगम में स्नान का विशेष महत्व माना जाता है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।
सोहागपुर में पल्स पोलियो अभियान शुरू, 19 हजार से अधिक बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य
क्षेत्र के अन्य नर्मदा घाटों पर भी उमड़ी भीड़
रेवा-कुब्जा संगम के अलावा सूरजकुंड, बाबई, सांड़िया, पिपरिया तथा सोहागपुर क्षेत्र के ईश्वरपुर, सांगा खेड़ा, रामनगर, पामली, रेवा बनखेड़ी, भानपुर, गलचा, गऊघटा और माछा सहित अन्य नर्मदा घाटों पर भी श्रद्धालुओं ने पहुंचकर स्नान और पूजन किया। पूरे क्षेत्र में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर धार्मिक आस्था, श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बना रहा




















