चार करोड़ का फोर्टिफाइड चावल परिवहन गबन केस: एक ही नंबर के वाहन से बार-बार भेजी गई खेप, न इंदौर पहुंची न हरदा-नीमच

कटनी। जिले से इंदौर, हरदा और नीमच भेजे गए 32 ट्रक फोर्टिफाइड चावल (10,975.25 क्विंटल) के अप्राप्त होने के मामले में दस्तावेजों की पड़ताल से एक और बड़ा झोल सामने आया है। संबंधित जिलों द्वारा भेजी गई अप्राप्त ट्रकों की आधिकारिक सूचियों में कई वाहन नंबर बार-बार दर्ज पाए गए हैं। हैरानी की बात यह है कि कटनी से करीब 440 से 489 किलोमीटर दूर स्थित हरदा के लिए एक ही तारीख (24 जून 2025) को एक ही ट्रक नंबर से दो अलग-अलग चालानों पर चावल रवाना होना दर्शाया गया है।
सैकड़ों किलोमीटर की दूरी और एक ही दिन में दो चालान
सड़क मार्ग से कटनी से हरदा की दूरी करीब 440 से 489 किलोमीटर, इंदौर की दूरी लगभग 460 से 550 किलोमीटर और नीमच की दूरी करीब 673 से 737 किलोमीटर के आसपास है। इतनी लंबी दूरी के बावजूद हरदा की अप्राप्त सूची में शामिल वाहन क्रमांक MP20HB6864 के नाम से 24 जून 2025 को ही दो अलग-अलग चालान दर्ज मिले हैं। एक चालान (MORD25624184920590) में 720 बोरे (357.55 क्विंटल) और दूसरे चालान (MORD25624181633773) में 720 बोरे (356.89 क्विंटल) चावल लोड दिखाया गया है, जबकि इसी वाहन नंबर से 3 जुलाई 2025 को एक और चालान (MORD2573184814840) पर 312.29 क्विंटल चावल हरदा भेजा जाना दर्ज है। जानकारों के मुताबिक एक ही दिन में एक ही ट्रक से दो भारी खेपों का चालान कटना और दोनों का गंतव्य तक न पहुंचना प्रणाली की गंभीर खामी या कागजी हेराफेरी की ओर संकेत करता है।
इंदौर और नीमच की सूचियों में भी वही गाड़ियां
अन्य जिलों की अप्राप्त ट्रकों की सूचियों में भी वाहन नंबरों का दोहराव साफ दिखता है। इंदौर की सूची में 12 मार्च और 20 मार्च 2025 को ट्रक क्रमांक MP20HB6864 दो बार दर्ज है, जबकि MP20HB7078 भी 28 फरवरी और 20 मार्च 2025 की प्रविष्टियों में शामिल है। इसके अलावा MP20ZL4571 का नंबर 2 जून 2025 को हरदा की सूची में और 2 दिसंबर 2025 को नीमच की सूची में दर्ज है, वहीं MP20ZK6124 इंदौर (12 मार्च 2025) और नीमच (12 जुलाई 2025) दोनों सूचियों में दिखाई देता है।
जीपीएस, टोल प्लाजा और चालान मिलान की मांग तेज
अब इस पूरे मामले में ट्रांसपोर्टर द्वारा पेश की जा रही पावतियों के साथ-साथ प्रत्येक वाहन नंबर के वास्तविक अस्तित्व, जीपीएस लोकेशन, रास्ते के टोल प्लाजा रिकॉर्ड और ऑनलाइन चालान जनरेशन के समय व स्थान की जांच की मांग उठ रही है। जानकारों का कहना है कि जब तक हर ट्रक नंबर और चालान का भौतिक व तकनीकी सत्यापन नहीं होगा, तब तक यह स्पष्ट नहीं हो सकेगा कि सैकड़ों किलोमीटर दूर भेजे गए इन ट्रकों का खेल कागजों में हुआ या रास्ते में।
ट्रांसपोर्टर से मंगाई गई एक-एक ट्रक की पावती, दस्तावेजों की पड़ताल शुरू
कटनी जिले से इंदौर, हरदा और नीमच भेजे गए 32 ट्रक फोर्टिफाइड चावल के अप्राप्त होने के मामले में मध्य प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम (नान) ने संबंधित परिवहनकर्ता भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस से एक-एक ट्रक की पावती मंगाई है। नोटिस के जवाब में ट्रांसपोर्टर द्वारा सभी जिलों में चावल भेजने और गोदामों की पावती होने का दावा किए जाने के बाद विभाग ने दस्तावेजों की सघन पड़ताल शुरू कर दी है। सोमवार को सुबह कार्यालय खुलते ही शुरू हुई जांच देर शाम तक चलती रही, जिसमें एक ट्रक की पावती का सत्यापन होने पर इंदौर के गोदाम में चावल जमा होने की पुष्टि हुई है।
पावती के सत्यापन के बाद 31 ट्रकों का रिकॉर्ड तलब
जानकारी के अनुसार नागरिक आपूर्ति निगम के नोटिस पर भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस ने अपने प्रतिनिधि के माध्यम से जवाब प्रस्तुत करते हुए दावा किया है कि उसने निर्धारित मात्रा के अनुसार नीमच, इंदौर और हरदा के गोदामों में चावल जमा कराया है। प्रतिनिधि ने 17 मार्च को इंदौर गोदाम में चावल जमा करने की एक पावती पेश की, जिसका इंदौर के अधिकारियों से मिलान कराने पर संबंधित ट्रक का चावल गोदाम में जमा होने की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही ट्रांसपोर्टर ने शेष 31 ट्रकों की पावती अपने पास होने का हवाला दिया है, जिस पर नान के अधिकारियों ने एक-एक ट्रक की पावती प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।




















