मोदी के 25 साल का भव्य जश्न! ‘सेवा संकल्प अभियान’ का ऐलान, बनारस से वडनगर तक कलश यात्रा

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 साल पूरे होने के मौके पर BJP ने देशभर में बड़े स्तर पर कार्यक्रम करने की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। इस दौरान अलग-अलग राज्यों और जिलों में कई कार्यक्रम होंगे। मोदी के जन्मदिन से शुरू होने वाले इस अभियान में सेवा कार्यों के साथ लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने पर भी जोर रहेगा। 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री के 25 साल पूरे होने पर विशेष आयोजन किया जाएगा।
25 साल की यात्रा को सेवा से जोड़ेगी BJP
BJP अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारी संभाली थी। इसके बाद उनका राजनीतिक सफर लगातार आगे बढ़ा। पार्टी अब उनके सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने को सेवा और जनभागीदारी से जोड़कर मनाने जा रही है। BJP का कहना है कि इस अभियान के जरिए प्रधानमंत्री के लंबे सार्वजनिक जीवन और देश में हुए बदलावों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

वडनगर से वाराणसी तक निकलेगी यात्रा
अभियान का सबसे खास कार्यक्रम वडनगर से वाराणसी तक प्रस्तावित यात्रा होगी। इसे ‘वडनगर से वाराणसी जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा’ नाम दिया गया है। वडनगर प्रधानमंत्री मोदी का जन्मस्थान है, जबकि वाराणसी उनकी लोकसभा सीट है। इस यात्रा के जरिए दोनों शहरों को प्रधानमंत्री की सार्वजनिक यात्रा से जोड़ते हुए सेवा और विकसित भारत का संदेश देने की तैयारी है।
17 सितंबर से शुरू होगा सेवा अभियान
प्रधानमंत्री के जन्मदिन 17 सितंबर से अभियान की शुरुआत होगी। इस दौरान BJP कार्यकर्ता और आम लोग अपने घरों और बूथों पर दीप जलाकर जनसेवा के 25 साल पूरे होने पर आभार जताएंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से रक्तदान शिविर भी लगाए जाएंगे। स्कूलों में चित्रकला, ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं कराने की योजना है, ताकि बच्चों और युवाओं को भी कार्यक्रम से जोड़ा जा सके।
हर ब्लॉक में लगेगा सेवा सेतु कैंप
BJP के अनुसार अभियान के दौरान ब्लॉक स्तर पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इनका मकसद ऐसे पात्र लोगों की मदद करना होगा, जो सरकारी योजनाओं का लाभ लेने से अभी तक छूट गए हैं। शिविरों में दस्तावेज तैयार कराने और ऑनलाइन प्रक्रिया में सहायता दी जाएगी। आयुष्मान भारत, पीएम किसान और पेंशन जैसी योजनाओं से जरूरतमंद लोगों को जोड़ने पर ध्यान रहेगा।
सेवा कार्यों के साथ युवा संवाद
एक महीने के अभियान में स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छता अभियान, युवा संवाद और नुक्कड़ नाटक जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। ‘नमो सेवा गाथा’ और ‘सेवा मेरा योगदान’ जैसे कार्यक्रमों के जरिए BJP प्रधानमंत्री के काम और सरकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएगी। पार्टी का लक्ष्य अभियान को केवल राजनीतिक कार्यक्रम तक सीमित रखने के बजाय सामाजिक गतिविधियों से जोड़ना है।
7 अक्टूबर को होगा बड़ा आयोजन
7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होंगे। इस दिन देशभर के जिलों में ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। BJP के मुताबिक, इन आयोजनों में प्रधानमंत्री के 25 साल के सार्वजनिक जीवन के प्रति आभार जताने के साथ विकसित भारत 2047 का संकल्प भी लिया जाएगा।
उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की तैयारी
नितिन नवीन ने सरकार की कई योजनाओं और उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले वर्षों में गरीबों के लिए आवास, राशन, शौचालय, सामाजिक सुरक्षा और कोरोना वैक्सीनेशन जैसे काम किए गए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था और वैश्विक पहचान मजबूत हुई है। BJP अब इन्हीं मुद्दों को सेवा संकल्प अभियान के जरिए देशभर में जनता तक पहुंचाने की तैयारी में है।




















