Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

महोबा में बाजार समिति सदस्य को अगवा कर बेरहमी से पीटा, नग्न कर बनाया वीडियो; 2 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप

महोबा के जरौली गांव में बाजार समिति सदस्य शैलेंद्र कुमार को अगवा कर बंधक बनाने, नग्न कर पीटने और 2 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगा है। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
महोबा में बाजार समिति सदस्य को अगवा कर बेरहमी से पीटा, नग्न कर बनाया वीडियो; 2 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप
बाजार समिति सदस्य को अगवा कर बेरहमी से पीटा

महोबा। उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में साप्ताहिक बाजार में हवाई फायरिंग का विरोध करना बाजार समिति के एक सदस्य को भारी पड़ गया। आरोप है कि दबंगों ने समिति सदस्य शैलेंद्र कुमार को अगवा कर बंधक बनाया, नग्न कर बेरहमी से पीटा और वीडियो बनाया। इस दौरान उनसे पैर छुलवाने जैसी हरकत भी कराई गई। आरोपियों पर 2 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का भी आरोप है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।

हवाई फायरिंग का विरोध करने पर शुरू हुआ विवाद

मामला खरेला थाना क्षेत्र के जरौली गांव का है। पीड़ित शैलेंद्र कुमार स्थानीय बाजार समिति के सदस्य हैं। उनके मुताबिक 8 अक्टूबर को साप्ताहिक बाजार में कुछ लोगों ने हवाई फायरिंग की थी। शैलेंद्र ने इसका विरोध किया और आरोपियों का अवैध असलहा पुलिस को सौंप दिया था। आरोप है कि इस मामले में स्थानीय पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिसके बाद आरोपियों के हौसले बढ़ गए।

रास्ते में रोककर किया अगवा, दो घंटे तक बनाया बंधक

शैलेंद्र के अनुसार 28 अक्टूबर को वह अपने एक साथी के साथ लौट रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और जबरन गाड़ी में बैठाकर किसी अज्ञात स्थान पर ले गए। आरोप है कि वहां करीब दो घंटे तक उन्हें बंधक बनाकर प्रताड़ित किया गया। दबंगों ने उनके कपड़े उतारकर बेरहमी से पिटाई की और इसका वीडियो भी बनाया। पीड़ित से पैर छुलवाने जैसी हरकत कराए जाने का भी आरोप है।

2 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप

पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उनसे 2 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। उन्होंने कथित तौर पर कहा कि पुलिस को उनका तमंचा सौंपने की वजह से उन्हें एक लाख रुपये खर्च करने पड़े हैं और इसकी भरपाई शैलेंद्र को करनी होगी। घटना का वीडियो इंटरनेट पर वायरल होने के बाद इलाके में चर्चा और दहशत का माहौल है।

बाजार समिति के अन्य सदस्य भी डरे

शैलेंद्र जब थाने में शिकायत लेकर पहुंचे, तो आरोप है कि पुलिस ने उनकी तहरीर लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़ित परिवार बाजार समिति के अन्य सदस्यों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा। समिति के सदस्य निर्भय राजपूत ने बताया कि दबंग अपना वर्चस्व दिखाने के लिए अक्सर इस तरह की घटनाएं करते हैं। इससे साप्ताहिक बाजार में आने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है।

UP के स्कूलों में अव्यवस्था पर CM योगी सख्त, Gen Alpha के प्रदर्शन के बाद अधिकारियों की तय होगी जवाबदेही

तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

मामले में खरेला थाना प्रभारी नन्नेलाल ने बताया कि पीड़ित की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Dr. Sumit  Shrivastava
By Dr. Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...

Latest Posts