PM मोदी के 25 साल का सफर होगा खास, बीजेपी मनाएगी ‘सेवा संकल्प अभियान’, जानिए क्या-क्या होगा खास?

चाय बेचने वाले एक छोटे से बच्चे से लेकर देश के प्रधानमंत्री बनने तक नरेंद्र मोदी का राजनीतिक सफर अब एक और बड़े पड़ाव पर पहुंचने जा रहा है। 7 अक्टूबर 2026 को नरेंद्र मोदी को पहली बार गुजरात का मुख्यमंत्री बने 25 साल पूरे हो जाएंगे। इस खास मौके को बीजेपी बड़े स्तर पर मनाने की तैयारी में है। हालांकि, पार्टी ने इसे सिर्फ जश्न तक सीमित रखने के बजाय ‘सेवा’ और ‘जनभागीदारी’ से जोड़ने का फैसला किया है। बीजेपी की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे देश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने की योजना है। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है, जबकि 7 अक्टूबर को उनके सार्वजनिक जीवन में एक महत्वपूर्ण पड़ाव पूरा होगा। एक महीने तक चलने वाले इस अभियान में देशभर में अलग-अलग तरह के सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
एक महीने तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’
बीजेपी के इस अभियान की शुरुआत 17 सितंबर से होगी और 17 अक्टूबर को इसका समापन किया जाएगा। पार्टी का कहना है कि अभियान के जरिए प्रधानमंत्री मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन में किए गए कामों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही अलग-अलग जगहों पर जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।इस दौरान रक्तदान शिविर, सफाई अभियान, स्वास्थ्य और जागरूकता कार्यक्रम, प्रदर्शनियां और सेमिनार आयोजित किए जाएंगे। सरकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए भी विशेष शिविर लगाए जाएंगे।
MP में एक महीने चलेगा BJP का 'सेवा संकल्प अभियान', 71 हजार से ज्यादा बूथों पर पहुंचेगी पार्टी
‘सेवा सेतु’ शिविर में मिलेगी योजनाओं की जानकारी
अभियान के दौरान ब्लॉक स्तर पर ‘सेवा सेतु’ शिविर लगाए जाने की योजना है। इन शिविरों का उद्देश्य लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देना और पात्र लोगों को उनका लाभ लेने में मदद करना होगा। इन शिविरों में आम लोगों को अलग-अलग कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया जाएगा। साथ ही योजनाओं से जुड़े आवेदन और जरूरी जानकारी उपलब्ध कराने की कोशिश की जाएगी।
स्कूलों में होंगी ‘विकसित भारत’ प्रतियोगिताएं
बीजेपी के अभियान में युवाओं और छात्रों को भी जोड़ने की तैयारी है। स्कूलों में ‘विकसित भारत 2047’ विषय पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके जरिए बच्चों और युवाओं को देश के भविष्य और विकास से जुड़े विषयों पर अपनी सोच रखने का मौका दिया जाएगा। इसके अलावा अलग-अलग स्थानों पर मोदी सरकार के काम और योजनाओं को दिखाने वाली प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी।
नुक्कड़ नाटक से लेकर आंगनवाड़ी तक कार्यक्रम
अभियान को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए कई तरह के कार्यक्रम रखे गए हैं। ‘नमो सेवा’ के तहत नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के जरिए सरकार की योजनाओं और विकास से जुड़े कामों की जानकारी लोगों तक आसान तरीके से पहुंचाने की कोशिश होगी। वहीं, आंगनवाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’ जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाने हैं। इसका उद्देश्य स्थानीय स्तर पर लोगों की भागीदारी बढ़ाना और सेवा गतिविधियों को आगे बढ़ाना है।
देश के 50 बदलाव वाले स्थानों का होगा दौरा
अभियान का एक खास हिस्सा ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ भी होगा। इसके तहत देशभर में करीब 50 ऐसे स्थानों को चुने जाने की योजना है, जिन्हें बीजेपी मोदी सरकार के कार्यकाल में हुए बदलाव और विकास के उदाहरण के तौर पर देखती है। इनमें गुजरात की GIFT City और बस्तर जैसे स्थान शामिल किए जाने की बात कही गई है। इन जगहों पर हुए बदलाव को लोगों तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया क्रिएटर्स को भी दौरे पर ले जाने की योजना है।
17 अक्टूबर को होगा बड़ा समापन कार्यक्रम
एक महीने चलने वाले इस अभियान का समापन 17 अक्टूबर को बड़े कार्यक्रम के साथ होगा। इसे ‘जनसेवक महाकुंभ’ नाम दिया गया है। इस कार्यक्रम में पंचायत से लेकर संसद तक के करीब 1.25 लाख जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की योजना है। समापन कार्यक्रम के दौरान सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम’ की सभी छह कड़ियां गाने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।
25 साल के सफर को ‘सेवा’ से जोड़ने की तैयारी
बीजेपी इस पूरे अभियान के जरिए नरेंद्र मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन को जनता के बीच ले जाने की तैयारी कर रही है। पार्टी की रणनीति में एक तरफ जनसेवा के कार्यक्रम होंगे, तो दूसरी तरफ सरकार के विकास कार्यों और योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। यानी 17 सितंबर से शुरू होने वाला यह अभियान सिर्फ प्रधानमंत्री के जन्मदिन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि 7 अक्टूबर को पूरे होने वाले उनके 25 साल के सार्वजनिक जीवन को भी बड़े स्तर पर सामने लाएगा। एक महीने तक चलने वाले इन कार्यक्रमों में सेवा, विकास और जनभागीदारी को मुख्य केंद्र में रखा गया है।



















