MP में एक महीने चलेगा BJP का 'सेवा संकल्प अभियान', 71 हजार से ज्यादा बूथों पर पहुंचेगी पार्टी

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर मध्यप्रदेश भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 'सेवा संकल्प अभियान' चलाएगी। एक महीने तक चलने वाले इस अभियान के दौरान पार्टी कार्यकर्ता प्रदेश के 71 हजार से ज्यादा बूथों तक पहुंचेंगे। यहां लाभार्थी परिवारों से संपर्क करने के साथ सेवा, स्वच्छता, जनसंपर्क और सरकारी योजनाओं से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में अभियान की जानकारी दी। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर होगी। इसी दिन शाम 7 बजे प्रदेश के 71 हजार से ज्यादा बूथों पर लाभार्थी परिवारों के घर 'आशीर्वाद का दीया' जलाया जाएगा। इसके साथ ही 'विकसित भारत-2047' का संकल्प लिया जाएगा।
योजनाओं के लाभार्थियों से होगा सीधा संपर्क
अभियान में भाजपा का मुख्य फोकस केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ लेने वाले परिवारों तक पहुंचने पर रहेगा। पार्टी कार्यकर्ता इन परिवारों से संपर्क कर यह जानेंगे कि उन्हें सरकारी योजनाओं से क्या लाभ मिला और उनकी क्या समस्याएं हैं। इसके अलावा ऐसे पात्र लोगों को भी सरकारी योजनाओं से जोड़ने की तैयारी है, जो अभी तक किसी योजना का लाभ नहीं ले पाए हैं। इसके लिए 'सेवा सेतु शिविर' आयोजित किए जाएंगे।
आंगनवाड़ी केंद्रों पर होंगे कार्यक्रम
25 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच आंगनवाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य व पोषण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया जाएगा।
स्कूलों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं
अभियान के तहत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक स्कूलों में ‘विकसित भारत’ विषय पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं, 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर प्रदेशभर में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा 7 अक्टूबर को जिलों और गांवों में पदयात्रा, साइकिल रैली और बाइक रैलियां निकाली जाएंगी। इन रैलियों का समापन एक स्थान पर होगा, जहां ‘विकसित भारत-2047’ का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।
11,404 शक्ति केंद्रों पर साझा होंगी लाभार्थियों की कहानियां
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के अनुसार, प्रदेश के 11,404 शक्ति केंद्रों पर 'सेवा की कहानी' कार्यक्रम चलाया जाएगा। इसके तहत सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की वास्तविक कहानियां सोशल मीडिया पर साझा की जाएंगी। प्रत्येक शक्ति केंद्र से कम से कम 10 ऐसी रील्स साझा करने की योजना है। इसके अलावा 'सेवा मेरा योगदान' कार्यक्रम के तहत पार्टी कार्यकर्ता और आम लोग 25 तरह की सेवा गतिविधियों में कम से कम 25 मिनट श्रमदान करेंगे। रंगोली प्रतियोगिताएं और नुक्कड़ नाटकों के जरिए भी योजनाओं और सेवा गतिविधियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
जनभागीदारी से जोड़ने की तैयारी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन से प्रेरणा लेकर मध्यप्रदेश को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान को केवल कार्यक्रमों तक सीमित रखने के बजाय इसे जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इस तरह एक महीने तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ में भाजपा कार्यकर्ता बूथ स्तर से लेकर गांवों और जिलों तक अलग-अलग गतिविधियों के जरिए लाभार्थियों और आम लोगों से संपर्क करेंगे।



















