Petrol Diesel Hike :एक हफ्ते में दूसरी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, दिल्ली में पेट्रोल 98.64 और डीजल 91.58 रुपए प्रति लीटर हुआ

नई दिल्ली। देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी हुई है। 19 मई, मंगलवार से पेट्रोल-डीजल करीब 90 पैसे प्रति लीटर तक महंगा हो गया है। इससे पहले 15 मई को भी तेल कंपनियों ने ₹3 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। यानी एक हफ्ते के अंदर दूसरी बार ईंधन के दाम बढ़े हैं। इस बढ़ोतरी का असर सिर्फ गाड़ियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि रोजमर्रा की कई चीजें महंगी हो सकती हैं।
आम लोगों पर क्या असर पड़ेगा?
-
मालभाड़ा बढ़ने की आशंका
डीजल महंगा होने से ट्रक और टेम्पो का खर्च बढ़ जाएगा। इसका सीधा असर सामान ढुलाई पर पड़ेगा। दूसरे राज्यों से आने वाली सब्जियां, फल, राशन और दूसरी जरूरी चीजों के दाम बढ़ सकते हैं।
-
खेती की लागत बढ़ेगी
किसानों को ट्रैक्टर और पंपिंग सेट चलाने के लिए ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे। इससे खेती की लागत बढ़ेगी और आने वाले समय में अनाज भी महंगा हो सकता है।
-
बस और ऑटो किराया बढ़ सकता है
पेट्रोल-डीजल महंगा होने का असर सार्वजनिक परिवहन पर भी दिखाई दे सकता है। बस, ऑटो और स्कूल बसों के किराए में बढ़ोतरी होने की संभावना है।
आखिर क्यों बढ़ी कीमतें?
सरकार और तेल कंपनियों के मुताबिक इसकी सबसे बड़ी वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल यानी क्रूड ऑयल की कीमतों में तेजी है। ईरान-अमेरिका तनाव बढ़ने के बाद वैश्विक बाजार में तेल की कीमतें तेजी से बढ़ीं। पहले जहां क्रूड ऑयल करीब 70 डॉलर प्रति बैरल था, वहीं अब यह 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है। इससे सरकारी तेल कंपनियों पर दबाव बढ़ गया था। कंपनियों का कहना है कि लगातार नुकसान की वजह से कीमतें बढ़ानी पड़ीं।
प्रमुख शहरों में पेट्रोल के नए दाम
दिल्ली: ₹98.64
मुंबई: ₹107.59
कोलकाता: ₹109.70
चेन्नई: ₹104.49
भोपाल: ₹110.75
यह भी पढ़ें: Petrol Diesel Price Hike : चुनाव खत्म, पेट्रोल-डीजल महंगा होगा या नहीं? सरकार ने दिया साफ जवाब
प्रमुख शहरों में डीजल के नए दाम
दिल्ली: ₹91.58
मुंबई: ₹94.08
कोलकाता: ₹96.07
चेन्नई: ₹96.11
भोपाल: ₹95.91
उज्जैन में सबसे ज्यादा 111.27 प्रति लीटर हुआ पेट्रोल
मध्य प्रदेश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद भोपाल में पेट्रोल 110.75 रुपए और डीजल 95.91 रुपए प्रति लीटर हो गया है। इंदौर और जबलपुर में पेट्रोल के नए दाम 110.79 रुपए प्रति लीटर पहुंच गए हैं, जबकि ग्वालियर में पेट्रोल 110.69 रुपए और उज्जैन में सबसे ज्यादा 111.27 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं डीजल की बात करें तो उज्जैन में डीजल 96.40 रुपए प्रति लीटर मिलेगा। इसके अलावा इंदौर में डीजल 95.97 रुपए, जबलपुर में 95.98 रुपए और ग्वालियर में 95.86 रुपए प्रति लीटर हो गया है।
पेट्रोल-डीजल की कीमत कैसे तय होती है?
ईंधन की कीमत सिर्फ कच्चे तेल से तय नहीं होती। इसमें कई तरह के टैक्स और खर्च जुड़ते हैं।
- कच्चे तेल की अंतरराष्ट्रीय कीमत
- रिफाइनिंग और कंपनियों का खर्च
- केंद्र सरकार की एक्साइज ड्यूटी
- पेट्रोल पंप डीलर का कमीशन
- राज्य सरकार का VAT
इसी वजह से हर राज्य और शहर में पेट्रोल-डीजल के दाम अलग-अलग होते हैं।
सरकार- ऑयल कंपनियों को हर माह 30 हजार करोड़ का नुकसान
सरकार के मुताबिक इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी कंपनियों को भारी नुकसान हो रहा था। पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार कंपनियों को हर महीने करीब ₹30 हजार करोड़ का घाटा उठाना पड़ रहा था। सरकार का कहना है कि अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें लंबे समय तक ऊंची बनी रहीं, तो आगे भी ईंधन के दाम बढ़ सकते हैं।











