पाकिस्तान: खैबर पख्तूनख्वा के कोहाट में ब्लास्ट, 15 की मौत; 25 से ज्यादा घायल

पाकिस्तान। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट जिले में शुक्रवार को पुलिस लाइंस के अंदर मस्जिद के पास बड़ा विस्फोट हुआ। इस हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
मस्जिद के गेट से टकराई विस्फोटक लदी कार
जानकारी के मुताबिक, पुलिस लाइंस के अंदर मस्जिद के पास एक विस्फोटक से भरी कार मस्जिद के गेट से टकरा गई, जिसके बाद जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट इतना तेज था कि घटनास्थल पर बड़ा गड्ढा बन गया। धमाके के कारण मस्जिद का बाहरी हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि एक दीवार भी ढह गई।
धमाके के बाद फायरिंग की भी खबर
स्थानीय रिपोर्ट्स के मुताबिक, धमाके के बाद मस्जिद के बाहर फायरिंग की आवाज भी सुनाई दी। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि इस हमले के पीछे किस आतंकी संगठन का हाथ है।
अस्पताल में लाए गए 15 शव
जिला मुख्यालय (DHQ) अस्पताल के एमएस ताहिर अली शाह ने जियो न्यूज को बताया कि धमाके के बाद अस्पताल में 15 शव लाए गए, जबकि 50 से ज्यादा घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद पुलिस लाइंस में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा को देखते हुए अधिकारियों ने कोहाट-हंगू रोड को यातायात के लिए बंद कर दिया है। फिलहाल सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया है और विस्फोट की जांच की जा रही है।




















