PlayBreaking News

'भारत को ऐसा जवाब देंगे कि...!'पाकिस्तान सेना प्रमुख ने फिर उगला जहर, दी खुली धमकी!

पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर ने एक बार फिर भारत को लेकर तीखा बयान दिया है। उन्होंने इंशाअल्लाह कहते हुए भविष्य में किसी भी टकराव की स्थिति में भारत को कड़ा और दर्दनाक जवाब देने की चेतावनी दी।
Follow on Google News
पाकिस्तान सेना प्रमुख ने फिर उगला जहर, दी खुली धमकी!
social media

रावलपिंडी। पाकिस्तान के चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज (CDF) और सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने एक बार फिर भारत को लेकर जहर उगला हैं। रावलपिंडी स्थित पाकिस्तानी सेना मुख्यालय में हुए एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि भविष्य में अगर भारत के साथ कोई संघर्ष होता है, तो पाकिस्तान का जवाब बहुत व्यापक, दर्दनाक होगा। उन्होंने यह भी दावा किया कि पाकिस्तान आतंकवाद के खिलाफ अपनी लड़ाई को पूरी मजबूती के साथ लड़ रहा है और जल्द ही इसमें सफलता मिलेगी।

विचारधाराओं की लड़ाई बताया भारत-पाक तनाव

मुनीर ने अपने भाषण में भारत और पाकिस्तान के बीच पिछले साल हुए तनावपूर्ण हालात को सिर्फ सैन्य टकराव नहीं, बल्कि विचारधाराओं की लड़ाई बताया। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष सिर्फ दो देशों या सेनाओं के बीच की साधारण लड़ाई नहीं थी, बल्कि यह एक निर्णायक टकराव था जिसमें दो अलग-अलग सोच और विचारधाराएं आमने-सामने थीं। उनके शब्दों में, यह मारका-ए-हक यानी सत्य की लड़ाई थी, जिसे उन्होंने ऐतिहासिक महत्व का बताया।

भारत पर संप्रभुता उल्लंघन का आरोप

मुनीर ने आरोप लगाया कि भारत ने पिछले साल 6-7 मई की रात से लेकर 10 मई के बीच पाकिस्तान की संप्रभुता और क्षेत्रीय सीमाओं का उल्लंघन किया। उन्होंने दावा किया कि इन हालात में पाकिस्तान ने पूर्ण राष्ट्रीय एकता और सैन्य ताकत के साथ जवाब दिया। उनके अनुसार, पाकिस्तान की प्रतिक्रिया मजबूत थी और देश ने हर स्तर पर स्थिति को संभालने की कोशिश की। हालांकि, इन दावों पर भारत की तरफ से पहले ही स्पष्ट रूप से अलग रुख रखा जा चुका है।

यह भी पढ़ें: ISI मॉड्यूल से जुड़े MP के तीन युवक गिरफ्तार: मंदिर और सैन्य कैंप थे निशाने पर, पाकिस्तान को भेजी जा रही थीं संवेदनशील तस्वीरें

ऑपरेशन सिंदूर को एक साल पूरा

इन बयानों की पृष्ठभूमि पिछले साल हुए उस बड़े तनाव से जुड़ी है, जब भारत ने आतंकी हमले के बाद जवाबी कार्रवाई की थी। 22 अप्रैल 2025 को दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद भारत ने 6-7 मई 2025 की रात ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में मौजूद 9 आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की थी। इन हमलों में बड़ी संख्या में आतंकियों के मारे जाने की खबर सामने आई थी, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव तेजी से बढ़ गया था।

सीमा पर टकराव और जवाबी कार्रवाई

भारत की कार्रवाई के बाद पाकिस्तान की ओर से भी जवाबी हमलों की कोशिशें की गईं, लेकिन भारतीय सेना ने कई प्रयासों को नाकाम कर दिया था। सीमा पर हालात इतने तनावपूर्ण हो गए थे कि दोनों देशों के सैन्य अधिकारियों के बीच हॉटलाइन पर बातचीत करनी पड़ी। इसके बाद 10 मई 2025 को दोनों पक्षों ने सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति जताई थी। 

युद्धविराम को लेकर अलग-अलग दावे

आसिम मुनीर ने अपने संबोधन में यह भी दावा किया कि युद्धविराम की पहल भारत ने अमेरिका के जरिए की थी और पाकिस्तान ने इसे शांति के हित में स्वीकार किया। लेकिन भारत ने इस दावे को पूरी तरह खारिज किया है। भारत का कहना है कि सीजफायर पर सहमति दोनों देशों के बीच सीधे संवाद से बनी थी और इसमें किसी तीसरे देश की भूमिका नहीं थी।

यह भी पढ़ें: रेकी, फोटो और पाकिस्तान कनेक्शन… दिल्ली में आतंकी साजिश, मंदिर और हाईवे पर हमले की योजना, शहजाद भट्टी मॉड्यूल से जुड़े 9 गिरफ्तार

पाकिस्तान का दावा- 26 ठिकानों पर हमला

अपने भाषण में मुनीर ने यह भी कहा कि संघर्ष के दौरान पाकिस्तान ने भारत में 26 अलग-अलग स्थानों पर हमले किए थे। हालांकि, उन्होंने इन दावों के समर्थन में कोई सबूत या आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की। 

आतंकवाद के खिलाफ जंग का दावा

आसिम मुनीर ने अपने संबोधन में आतंकवाद के मुद्दे पर भी बात की। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान कई वर्षों से आतंकवाद के खिलाफ कठिन लड़ाई लड़ रहा है और यह अभियान पूरी ताकत के साथ जारी है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में पाकिस्तान आतंकवाद को पूरी तरह खत्म करने में सफल होगा। उन्होंने अपने बयान में धार्मिक शब्द इंशाअल्लाह का भी इस्तेमाल किया।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts