Nvidia जासूसी कांड: अरबों डॉलर की चिप्स चीन पहुंचाईं, एलिस के परिवार ने भी दिया साथ

साल 2023 से चीनी कंपनियों के माध्यम से कम से कम 7.5 अरब डॉलर की एनवीडिया चिप्स चीन पहुंचाई गई थीं। यह खुलासा 'द इंफॉर्मेशन' की जांच रिपोर्ट से सामने आया है। द इंफॉर्मेशन ने इस नेटवर्क के सूत्रों के हवाले से बताया कि इस पूरे कॉर्पोरेट ढांचे के केंद्र में शंघाई सेंचुरी लिटोंग (Shanghai Century Litong) नाम की एक चीनी कंपनी थी जिसे प्राथमिकता के आधार पर चिप्स मिलती थीं। यह भी खुलासा हुआ कि दो साल से अधिक समय के दौरान ऐलिस हुआंग ने 240,000 प्रतिबंधित चिप्स को चीन भेजने में मदद की। इनमें मुख्य रूप से H100 और H200 सिस्टम शामिल थीं। इसके साथ ही 7.5 अरब डॉलर मूल्य के AI GPU के आयात को भेजने में भी उनकी अहम भूमिका रही। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि ऐलिस हुआंग चीन की खुफिया एजेंसी 'मिनिस्ट्री ऑफ स्टेट सिक्योरिटी' (MSS) के लिए काम करती थीं।
चीनी सेना की यूनिवर्सिटी ने खरीदीं थी चिप्स
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) से जुड़ी एक चीनी यूनिवर्सिटी ने एनवीडिया (Nvidia) की शक्तिशाली H200 आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस चिप्स खरीदी हैं। यह यूनिवर्सिटी अमेरिकी निर्यात की ब्लैकलिस्ट में शामिल है। खरीद के रिकॉर्ड से पता चलता है कि चीन को उन्नत AI तकनीक तक पहुंचने से रोकने के वॉशिंगटन की कोशिशों में खामियां हैं। एनवीडिया के CEO जेनसेन हुआंग पर भी जांच का दबाव बढ़ गया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने चिप निर्यात प्रतिबंधों में ढील देने के लिए पैरवी की थी। यह भी कहा जा रहा है कि उन्हें एक चीनी जासूसी अभियान का निशाना बनाया गया था।
जेन्सन हुआंग कई बार मिले थे ट्रंप से, अवॉर्ड भी दिया गया
- 31 जनवरी, 2025: हुआंग ने व्हाइट हाउस में ट्रंप से मुलाकात की जिसमें AI नीति और सेमीकंडक्टर निर्यात नियंत्रण पर चर्चा हुई।
- 30 अप्रैल, 2025: हुआंग ने व्हाइट हाउस में ट्रंप के साथ "इन्वेस्टिंग इन अमेरिका" (अमेरिका में निवेश) कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
- 10 जुलाई, 2025: हुआंग ने व्हाइट हाउस में ट्रंप से मुलाकात की। यह वह समय था जब एनवीडिया (Nvidia) का मार्केट कैपिटलाइजेशन 4 ट्रिलियन डॉलर के मुकाम पर पहुंच गया था।
- 6 अगस्त, 2025: वॉशिंगटन में AI चिप निर्यात नीतियों को लेकर एक और दर्ज की गई मुलाकात।
- 3 दिसंबर, 2025: हुआंग ने ट्रंप से मुलाकात की और एडवांस्ड प्रोसेसर पर लागू निर्यात नियंत्रणों के बारे में चर्चा की।
- 13 मई, 2026: हुआंग, ट्रंप की बीजिंग यात्रा में शामिल हुए। यात्रा सूची में नाम छूट जाने के कारण, वे अलास्का में ईंधन भरवाने के लिए रुके 'एयर फोर्स वन' विमान में ट्रंप से मिले।
- 24 सितंबर, 2026: हुआंग और उनकी पत्नी, लोरी हुआंग, व्हाइट हाउस में आयोजित एक स्टेट डिनर (राजकीय भोज) में शामिल हुए।
- 29 सितंबर, 2026: AI नीति पर व्हाइट हाउस में हुई एक औपचारिक बैठक के दौरान, हुआंग, ट्रंप और अन्य टेक अधिकारियों के बिल्कुल करीब बैठे थे।
- 8 अक्टूबर, 2026: ट्रंप ने हुआंग को 'नेशनल मेडल ऑफ साइंस' (वैज्ञानिक उपलब्धियों के लिए देश का सर्वोच्च सम्मान) से सम्मानित किया।
एलिस ने संबंधों का फायदा उठाया
रिपोर्ट में कहा गया है कि Nvidia प्रमुख के साथ एलिस हुआंग के व्यक्तिगत संबंधों ने उन्हें यह चिप्स हासिल करने में मदद की। एलिस को जानने वाले लोगों का कहना है कि वह सार्वजनिक रूप से Nvidia के सीईओ तक अपनी पहुंच का दावा करती थीं। अपनी पहुंच को दिखाने के लिए वे जेन्सन हुआंग के साथ फोटो अपने वीचैट पर पोस्ट करती थीं।
इंडोनेशिया से चीन तक जाल कैसे फैला
ImportGenius (व्यापार डेटा प्रदाता) के शिपिंग रिकॉर्ड के डाटा की जांच रॉयटर्स ने की है। इन रिकॉर्ड के मुताबिक मेगास्पीड की इंडोनेशियाई सहायक कंपनी ने 2024 और 2026 के बीच Nvidia हार्डवेयर आयात किया था। इसमें H100 प्रोसेसर और उससे जुड़े कंपोनेंट्स शामिल थे। ये शिपमेंट गीगाबाइट की सहायक कंपनी गीगा कंप्यूटिंग सहित अन्य आपूर्तिकर्ताओं से प्राप्त हुए थे। H100 उन उन्नत Nvidia प्रोसेसरों में से एक है जिनका चीन को निर्यात प्रतिबंधित है।
एलिस कहती थीं कि करीबी रिश्तों के कारण मिलती हैं चिप्स
एक अन्य सूत्र ने बताया कि मेगास्पीड की एक एग्जीक्यूटिव एलिस अक्सर एनवीडिया और उसके सप्लायर्स के साथ अपने करीबी रिश्तों का जिक्र करती थीं। उनका कहना था कि इन्हीं रिश्तों की वजह से उन्हें हमेशा कंपनी की AI चिप्स मिल जाती थीं। एलिस ने यह भी दावा किया कि जेन्सन हुआंग अक्सर उनके जन्मदिन पर उन्हें रात्रिभोज और उपहार देते थे। एनवीडिया चाइना की एक सेल्स कर्मचारी ने बताया कि वह स्थानीय चीनी साझेदारों के लिए कंपनी के वार्षिक कार्यक्रम में एक जानी-पहचानी हस्ती थीं। जब AI शिपमेंट में देरी होती थी या कोई समस्या आती थी तो एलिस हुआंग सप्लाई चेन में उन्हें फिर से आगे बढ़ाने के लिए हस्तक्षेप करती थीं।
परिवार के दूसरे लोग भी थे साथ
ऐलिस हुआंग को अमेरिकी सरकार चीन की खुफिया एजेंसी का एक intelligence asset मानती है। उन्होंने अपनी बहन और पति के साथ मिलकर चीन और सिंगापुर में कंपनियों का एक बड़ा जाल तैयार किया। इसकी मदद से एनवीडिया चिप्स हासिल की थीं। इस पूरे कॉर्पोरेट जाल के केंद्र में शंघाई सेंचुरी लिटोंग नाम की एक चीनी कंपनी थी। इस की स्थापना जून 2023 में हुई थी। खास बात यह है कि उसी साल अक्टूबर तक इसे एनवीडिया के 'पसंदीदा क्लाउड पार्टनर्स' की सूची में जगह मिल गई थी। इस दर्जे की वजह से कंपनी को एनवीडिया की चिप्स तक प्राथमिकता के आधार पर पहुंच मिल जाती थी।
किस कंपनी से मंगवाई कितने डॉलर की चिप्स
अनुमानों के अनुसार 2023 से 2025 के बीच मेगास्पीड के जरिए लगभग 4.6 अरब डॉलर की AI चिप्स आयात की गईं। 2 अरब डॉलर की चिप्स स्पीडमैट्रिक्स (Speedmatrix) के जरिए मंगवाई गईं। यह भी बताया गया है कि शंघाई सेंचुरी लिटोंग (Shanghai Century Litong) ने लगभग 7.5 अरब डॉलर की GPU खरीदीं और ऐलिस हुआंग ने चीन में प्रतिबंधित चिप्स की करीब 2,40,000 यूनिट्स पहुंचाने में मदद की।




















