मदर डेयरी ने बढ़ाए दूध के दाम, 12 नवंबर से 4 रुपये प्रति लीटर तक महंगा होगा दूध

नई दिल्ली। महंगाई के बीच आम लोगों को एक और झटका लगा है। मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है। नई दरें 12 नवंबर यानी गुरुवार से लागू होंगी। कंपनी ने किसानों से दूध खरीदने की लागत बढ़ने और अन्य खर्चों में तेजी आने को इस फैसले की वजह बताया है। दिल्ली-NCR में फुल क्रीम, टोंड, डबल टोंड और गाय के दूध समेत कंपनी के प्रमुख वैरिएंट की कीमतें बढ़ाई गई हैं।
फुल क्रीम दूध 4 रुपये प्रति लीटर महंगा
मदर डेयरी की ओर से जारी नई दरों के मुताबिक, फुल क्रीम दूध की कीमत में सबसे ज्यादा 4 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। अब ग्राहकों को एक लीटर फुल क्रीम दूध के लिए 72 रुपये के बजाय 76 रुपये चुकाने होंगे। वहीं, गाय के दूध की कीमत 62 रुपये से बढ़ाकर 65 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। टोंड दूध और डबल टोंड दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर का इजाफा हुआ है। टोंड मिल्क (पाउच) अब 60 रुपये के बजाय 62 रुपये प्रति लीटर मिलेगा, जबकि डबल टोंड दूध की कीमत 54 रुपये से बढ़कर 56 रुपये हो जाएगी। टोंड दूध की थोक यानी बल्क वेंडेड कीमत भी 58 रुपये से बढ़ाकर 60 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है।
जानिए मदर डेयरी के दूध की नई कीमतें
|
दूध की किस्म |
पुरानी कीमत |
नई कीमत |
बढ़ोतरी |
|---|---|---|---|
|
फुल क्रीम दूध (पाउच) |
₹72 |
₹76 |
₹4 |
|
गाय का दूध |
₹62 |
₹65 |
₹3 |
|
टोंड मिल्क (पाउच) |
₹60 |
₹62 |
₹2 |
|
टोंड मिल्क (थोक/बल्क वेंडेड) |
₹58 |
₹60 |
₹2 |
|
डबल टोंड मिल्क |
₹54 |
₹56 |
₹2 |
अमूल ने महंगा किया घी और बटर, 1 किलो घी पर ₹50 की बढ़ोतरी
दूध खरीदने की लागत बढ़ने से लिया फैसला
कंपनी के मुताबिक, किसानों से दूध खरीदने की लागत में काफी बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा दूध की खरीद और अन्य परिचालन खर्च भी बढ़े हैं। इससे कंपनी पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा था। ऐसे में बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा ग्राहकों पर डालते हुए खुदरा कीमतों में संशोधन करना पड़ा है। मदर डेयरी का कहना है कि दूध की बिक्री से होने वाली कमाई का लगभग 75 से 80 प्रतिशत हिस्सा किसानों को दिया जाता है। ऐसे में किसानों से दूध खरीदने की लागत में बदलाव का असर कंपनी की कीमतों पर भी पड़ता है।
14 मई 2026 को भी बढ़ाए थे दाम
मदर डेयरी ने इससे पहले 14 मई 2026 को दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की थी। इससे पहले अप्रैल 2025 में भी कीमतों में बदलाव किया गया था। इस बार की बढ़ोतरी के साथ ही दिल्ली-NCR के ग्राहकों को 12 नवंबर से दूध खरीदने के लिए पहले की तुलना में ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे।
1974 में हुई थी मदर डेयरी की शुरुआत
मदर डेयरी की शुरुआत साल 1974 में हुई थी। यह नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड (NDDB) की सब्सिडियरी कंपनी के रूप में काम करती है। कंपनी दिल्ली-NCR में अपने आउटलेट्स, जनरल ट्रेड और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए रोजाना करीब 35 लाख लीटर दूध बेचती है। वहीं इसकी कुल दैनिक दूध बिक्री 50 लाख लीटर से अधिक है।




















