Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

OpenAI लाएगी IPO!ChatGPT बनाने वाली कंपनी ने SEC के पास दाखिल किए गोपनीय दस्तावेज

ChatGPT बनाने वाली दिग्गज कंपनी OpenAI जल्द ही अपना IPO लाने की तैयारी में है। कंपनी ने इसके लिए अमेरिकी नियामक SEC के पास गोपनीय दस्तावेज दाखिल किए हैं।
ChatGPT बनाने वाली कंपनी ने SEC के पास दाखिल किए गोपनीय दस्तावेज

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया की दिग्गज अमेरिकी कंपनी OpenAI अब शेयर बाजार में उतरने की तैयारी कर रही है। ChatGPT बनाने वाली कंपनी ने अमेरिका के मार्केट रेगुलेटर SEC के पास आईपीओ (IPO) के लिए प्रारंभिक गोपनीय दस्तावेज दाखिल कर दिए हैं। कंपनी के इस कदम को AI सेक्टर की सबसे बड़ी संभावित लिस्टिंग में से एक माना जा रहा है।

SEC के पास दाखिल किए गोपनीय दस्तावेज

ओपनएआई ने सोमवार को जारी बयान में बताया कि उसने अमेरिकी प्रतिभूति एवं विनिमय आयोग (SEC) के पास गोपनीय प्रारंभिक कागजात जमा किए हैं। हालांकि कंपनी ने अभी यह साफ नहीं किया है कि IPO कब लाया जाएगा। कंपनी ने कहा कि फिलहाल आईपीओ के समय को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है। ओपनएआई के मुताबिक कुछ ऐसे काम हैं जिन्हें प्राइवेट कंपनी के तौर पर करना ज्यादा आसान होता है इसलिए यह फैसला काफी जटिल है।

जरूरत पड़ी तो जल्दी हो सकते हैं पब्लिक

ओपनएआई ने अपने बयान में कहा कि कंपनी ने यह जानकारी इसलिए सार्वजनिक की क्योंकि इसके लीक होने की संभावना थी। कंपनी के अनुसार यह कदम उसे भविष्य में जरूरत पड़ने पर तेजी से पब्लिक होने का विकल्प देता है। AI इंडस्ट्री में बढ़ती प्रतिस्पर्धा और बड़े स्तर पर निवेश की जरूरत को देखते हुए कंपनी अपने फंडिंग विकल्प मजबूत करना चाहती है।

AI कंपनियों में IPO की होड़

ओपनएआई अकेली कंपनी नहीं है जो शेयर बाजार में उतरने की तैयारी कर रही है। इसकी प्रतिद्वंद्वी AI कंपनी एंथ्रोपिक ने भी जून 2026 की शुरुआत में IPO के लिए दस्तावेज दाखिल किए थे। वहीं SpaceX भी AI-केंद्रित रणनीति के साथ संभावित आईपीओ की तैयारी में जुटी हुई है।

ये भी पढ़ें: Share Market Today: ऊपरी स्तर से 630 अंक टूटा सेंसेक्स, निफ्टी 27 अंक गिरकर 23215 पर बंद; मीडिया और रियल्टी सेक्टर में बिकवाली

सैम ऑल्टमैन पहले ही दे चुके हैं संकेत

ओपनएआई के CEO सैम ऑल्टमैन ने पिछले साल IPO को कंपनी के लिए सबसे संभावित रास्ता बताया था। उन्होंने कहा था कि बड़े स्तर पर AI टेक्नोलॉजी विकसित करने के लिए भारी पूंजी की जरूरत होगी। 2015 में गैर-लाभकारी संगठन के रूप में शुरू हुई ओपनएआई आज करीब 852 अरब डॉलर की वैल्यूएशन तक पहुंच चुकी है।

भारी लागत के बावजूद तेजी से बढ़ रही कंपनी

ओपनएआई ने अभी तक अपनी कमाई और मुनाफे से जुड़ी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। कंपनी फिलहाल भारी कंप्यूटिंग लागत के कारण नुकसान में चल रही है लेकिन इसके बावजूद AI सेक्टर में उसकी पकड़ मजबूत बनी हुई है। सैम ऑल्टमैन ने कहा कि कंपनी का लक्ष्य ऐसा स्वचालित AI शोधकर्ता विकसित करना है जो इंसानों की तरह या उनसे बेहतर क्षमता के साथ काम कर सके। कंपनी हर व्यक्ति के लिए पर्सनल आर्टिफिशियल जनरल इंटेलिजेंस (AGI) उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।

ये भी पढ़ें: Maruti Suzuki: 14 जून तक बुकिंग पर ₹30 हजार तक की बचत, छोटी कारों पर मिलेगा फायदा

AI सेक्टर में निवेशकों की बढ़ती दिलचस्पी

दुनियाभर में AI टेक्नोलॉजी को लेकर निवेशकों का उत्साह तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में ओपनएआई का संभावित IPO अमेरिकी शेयर बाजार के लिए बड़ा इवेंट साबित हो सकता है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि अगर कंपनी पब्लिक होती है तो यह टेक सेक्टर की सबसे चर्चित लिस्टिंग्स में शामिल हो सकती है।

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

Latest Posts