Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

जियो IPO का इंतजार खत्म! शेयर अलॉटमेंट फाइनल, लिस्टिंग से पहले ग्रे मार्केट में हलचल

जियो प्लेटफॉर्म्स आईपीओ का शेयर अलॉटमेंट फाइनल हो गया है। निवेशकों के डीमैट खातों में 27 अक्टूबर को शेयर पहुंचेंगे, जबकि 28 अक्टूबर को बाजार में लिस्टिंग होगी। ग्रे मार्केट में 245 रुपये के प्रीमियम से मुनाफे की उम्मीद बढ़ी है। जानिए जियो आईपीओ की संभावित लिस्टिंग कीमत, एक लॉट पर फायदा और अलॉटमेंट स्टेटस चेक करने का तरीका।
जियो IPO का इंतजार खत्म! शेयर अलॉटमेंट फाइनल, लिस्टिंग से पहले ग्रे मार्केट में हलचल
Jio IPO: लिस्टिंग से पहले ₹245 पहुंचा GMP, जानें कितना होगा फायदा

Jio Platforms IPO Allotment: शेयर बाजार में निवेश करने वाले लाखों लोगों के लिए बड़ी खबर है। मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस के जियो प्लेटफॉर्म्स आईपीओ का शेयर अलॉटमेंट 26 अक्टूबर को पूरा हो गया है। जिन निवेशकों को शेयर मिले हैं, उनके डीमैट खातों में मंगलवार, 27 अक्टूबर को शेयर ट्रांसफर होने हैं। वहीं, जिन लोगों को शेयर नहीं मिले, उनका ब्लॉक किया गया पैसा भी इसी दिन वापस होने की प्रक्रिया शुरू होगी। अब निवेशकों की नजर 28 अक्टूबर पर टिकी है, जब जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयर बाजार में लिस्ट होंगे।

28 अक्टूबर को शेयर बाजार में होगी जियो की एंट्री

जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयर बुधवार, 28 अक्टूबर को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर लिस्ट होने वाले हैं। कंपनी के आईपीओ को निवेशकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जियो के शेयर बाजार में किस कीमत पर कारोबार शुरू करेंगे। ग्रे मार्केट से मिल रहे संकेतों ने निवेशकों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं।

1119 रुपये का शेयर 1364 रुपये पर होगा लिस्ट?

मंगलवार को उपलब्ध ग्रे मार्केट के आंकड़ों के मुताबिक, जियो प्लेटफॉर्म्स आईपीओ का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) करीब 245 रुपये बताया जा रहा है। कंपनी ने आईपीओ का ऊपरी प्राइस बैंड 1119 रुपये तय किया था। अगर इसमें 245 रुपये का GMP जोड़ दिया जाए, तो शेयर की अनुमानित लिस्टिंग कीमत 1364 रुपये बनती है। इस हिसाब से निवेशकों को करीब 21.89 प्रतिशत का लिस्टिंग गेन मिल सकता है। हालांकि, GMP अनौपचारिक बाजार का संकेत है। इससे वास्तविक लिस्टिंग कीमत या मुनाफे की गारंटी नहीं मिलती।

एक लॉट पर कितना हो सकता है फायदा?

जियो प्लेटफॉर्म्स आईपीओ में एक लॉट में 12 शेयर रखे गए थे। इसके लिए निवेशकों को ऊपरी प्राइस बैंड के हिसाब से 13,428 रुपये लगाने थे। अगर शेयर 1364 रुपये पर लिस्ट होता है, तो एक लॉट की कीमत 16,368 रुपये होगी। इस तरह एक लॉट पर करीब 2,940 रुपये का मुनाफा हो सकता है। हालांकि, यह केवल मौजूदा GMP के आधार पर लगाया गया अनुमान है। शेयर की असली कीमत लिस्टिंग के समय बाजार की मांग और आपूर्ति पर निर्भर करेगी।

ये भी पढ़ें: Microsoft VEO Program: अपनी मर्जी से नौकरी छोड़ने पर कंपनी देगी पैसे, 1 दिसंबर तक है मौका; जानें क्या हैं शर्तें?

कैसे चेक करें जियो IPO का अलॉटमेंट स्टेटस?

जिन निवेशकों ने जियो प्लेटफॉर्म्स आईपीओ के लिए आवेदन किया था, वे घर बैठे अपना अलॉटमेंट स्टेटस देख सकते हैं। इसके लिए आईपीओ रजिस्ट्रार KFin Technologies, BSE या NSE की आधिकारिक वेबसाइट का इस्तेमाल किया जा सकता है। निवेशक संबंधित वेबसाइट पर आईपीओ का नाम चुनकर अपने पैन नंबर या आवेदन की जानकारी से अलॉटमेंट स्टेटस देख सकते हैं।

30,213 करोड़ के IPO को मिला जबरदस्त रिस्पॉन्स

जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ कुल 30,213 करोड़ रुपये का था। कंपनी ने शेयरों का प्राइस बैंड 1065 रुपये से 1119 रुपये के बीच रखा था। यह आईपीओ 21 अक्टूबर को खुला था और 23 अक्टूबर को बंद हुआ। तीन दिनों में निवेशकों ने इसमें जमकर दिलचस्पी दिखाई। आंकड़ों के मुताबिक, आईपीओ को कुल 22.19 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। सबसे ज्यादा मांग बड़े संस्थागत निवेशकों की ओर से देखने को मिली। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) का हिस्सा 70.55 गुना भरा। वहीं, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) की कैटेगरी में 14 गुना आवेदन आए। आम निवेशकों के लिए रखा गया हिस्सा भी 2.72 गुना सब्सक्राइब हुआ।

IPO से मिले पैसों का क्या करेगी कंपनी?

जियो प्लेटफॉर्म्स के इस आईपीओ में 27 करोड़ नए इक्विटी शेयर जारी किए गए हैं। इसमें ऑफर फॉर सेल (OFS) का कोई हिस्सा नहीं रखा गया। इसका मतलब है कि पुराने शेयरधारकों ने आईपीओ के जरिए अपनी हिस्सेदारी नहीं बेची है। शेयरों से जुटाई गई रकम सीधे कंपनी को मिलेगी। कंपनी इस रकम में से करीब 27,500 करोड़ रुपये का इस्तेमाल अपनी सहायक कंपनी रिलायंस जियो इन्फोकॉम लिमिटेड का कर्ज चुकाने में करेगी। इससे कंपनी पर कर्ज का बोझ कम होने और उसकी आर्थिक स्थिति मजबूत होने की उम्मीद है। फिलहाल निवेशकों की नजर 28 अक्टूबर की लिस्टिंग पर है। यह देखना दिलचस्प होगा कि जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयर ग्रे मार्केट के अनुमानों के मुताबिक शुरुआत करते हैं या बाजार में कोई अलग तस्वीर देखने को मिलती है।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...

Latest Posts