Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

प्रदेश में डेढ़ लाख वोटरों पर एक प्रत्याशी मैदान में

चुनावी मैदान: 29 लोकसभा सीटों पर कुल 377 उम्मीदवार आजमा रहे अपनी किस्मत
Follow on Google News
प्रदेश में डेढ़ लाख वोटरों पर एक प्रत्याशी मैदान में

अशोक गौतम-भोपाल। मध्य प्रदेश में लोगों में लोकसभा चुनाव लड़ने की रुचि भी धीरे धीरे कम होती जा रही है। जिस गति से हर पांच वर्ष में मतदाताओं की संख्या बढ़ रही है, उस अनुपात से चुनाव के लिए नामांकन भरने और चुनाव मैदान ठहरने वाले नेताओं की संख्या कम हुई है। वर्ष 2019 में एक लाख 18 हजार मतदाता पर एक व्यक्ति चुनाव लड़ा था, लेकिन 2024 में डेढ़ लाख पर एक प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। वर्ष 2019 में 5.18 करोड़ मतदाता थे और प्रत्याशी संख्या 438 थी। 2024 में मतदाताओं की संख्या बढ़कर 5.63 करोड़ हो गई, लेकिन चुनाव मैदान में सिर्फ 377 प्रत्याशी हैं।

मप्र की 29 सीटों में पिछले चुनाव की तुलना में इस साल 61 प्रत्याशी भी कम हैं और नामांकन भी कम जमा हुए हैं। नाम वापसी और रिजेक्शन की संख्या भी ज्यादा है। 2019 के लोस चुनाव में 438 प्रत्याशी मैदान में थे, जबकि 547 ने नामांकन जमा किया था। वहीं वर्ष 2024 में 476 लोगों ने नामांकन जमा किया था, 377 प्रत्याशी मैदान में हैं।

सबसे ज्यादा नामांकन पहले चरण में वापस लिए

नामांकन भरने के बाद करीब 9 फीसदी तक अभ्यर्थियों के नामांकन रिजेक्ट हो रहे हैं। इसी तरह से 12 फीसदी प्रत्याशी नामांकन वापस लेकर चुनाव मैदान छोड रहे हैं। सबसे ज्यादा 19 नामांकन वापस पहले चरण के 6 लोकसभा सीटों में हुए हैं। दूसरे नम्बर पर चौथे चरण के लोकसभा क्षेत्र हैं, इस चरण में 16 लोगों ने नामांकन वापस लिया है। तमाम कमियों के चलते दूसरे चरण में सबसे ज्यादा 16 अभ्यर्थियों के नामांकन पत्र रिजेक्ट हुए हैं। पहले चरण में 101 लोगों ने नामांकन दाखिल किया था।

राजनीति का घटता जा रहा स्तर

चुनाव लड़ने वालों की संख्या घटने के कई कारण हैं। लेकिन इसका पहला कारण राजनीति का घटता स्तर और दूसरा कारण चुनाव प्रक्रिया दूषित होना है। नामांकन की धरोहर राशि में बढ़ोतरी और लगातार महंगाई बढ़ने से भी लोग चुनाव लड़ने से पीछे हट रहे हैं। मध्य प्रदेश में द्विदलीय चुनाव होते थे, लेकिन अब एक दल लगातार कमजोर होता जा रहा है। मध्य प्रदेश पिछले कुछ सालों से देखा जाए तो प्रमुख दल एक ही बचा है। इससे लोगों की चुनाव लड़ने और मतदान करने में रुचि कम हो रही है। -संजीव श्रीवास्तव, वरिष्ठ पत्रकार

People's Reporter
By People's Reporter

Latest Posts