पुलिस स्मृति दिवस 21 को, शहीद जवानों को किया जाएगा याद, आज लाल परेड मैदान में हुई फुलड्रेस रिहर्सल

भोपाल। हर साल 21 अक्टूबर को पूरे देश में सभी पुलिस अधिकारियों को सम्मानित करने के उद्देश्य से पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। राजधानी भोपाल में पुलिस स्मृति दिवस परेड की फुलड्रेस रिहर्सल गुरुवार सुबह लाल परेड मैदान स्थित शहीद स्मारक प्रांगण में की गई।
हर साल की तरह पुलिस स्मृति दिवस 21 अक्टूबर को लाल परेड मैदान स्थित शहीद स्मारक प्रांगण में आयोजित होगा। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एसएएफ फरीद शापू ने फुलड्रेस रिहर्सल परेड का निरीक्षण किया। साथ ही पुलिस स्मृति दिवस की अन्य व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।
पुलिस स्मृति दिवस में कई टुकड़ियां शामिल
पुलिस स्मृति दिवस के लिए हुई फुलड्रेस रिहर्सल के दौरान मुख्य अतिथि की भूमिका प्रधान आरक्षक रामचंद्र कुशवाह ने निभाई। फाइनल रिहर्सल परेड का नेतृत्व भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी शियाज केएम ने किया। परेड के टू-आई-सी राज्य पुलिस सेवा के सहायक सेनानी नवीन तिवारी हैं। परेड में जिला बल की महिला प्लाटून, विशेष सशस्त्र बल की पुरूष प्लाटून, जिला पुलिस बल की पुरुष प्लाटून, होमगार्ड प्लाटून, पाल बेयरर, कलर पार्टी, पुलिस बैंड प्लाटून, अश्वरोही दल और श्वान दल की टुकड़ियां शामिल हैं।
शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
फुलड्रेस रिहर्सल के समय पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्र, उप पुलिस कमिश्नर अनुराग शर्मा, पुलिस उप महानिरीक्षक नवनीत भसीन, अमित सिंह, कमांडेंट सातवीं वाहिनी अतुल सिंह एवं अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद थे। इस दौरान पुलिस बैंड द्वारा निकाली जा रही देशभक्ति के गीतों की मधुर धुन के बीच शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। आरंभ में पाल-बेयरर पार्टी द्वारा सम्मान सूची को स्मारक कोष में स्थापित किया गया और शहीद स्मारक को सलामी दी गई।
क्यों मनाया जाता है पुलिस स्मृति दिवस ?
लद्दाख के हॉट प्रिरंग्स में 16 हजार फीट की ऊंचाई पर 21 अक्टूबर 1959 को सीआरपीएफ के जवानों की टुकड़ी, सब इन्सपेक्टर करम सिंह के नेतृत्व में गश्त कर रही थी तभी चीनी सेना के साथ मुठभेड़ में 10 जवान शहीद हो गये थे। उन्हीं की स्मृति में यह दिवस देश की समस्त पुलिस इकाईयों द्वारा मनाया जाता है।





















