PlayBreaking News

ऑपरेशन सिंदूर पर NSA अजित डोभाल का बयान, कहा- हमसे कोई चूक नहीं हुई, सभी निशाने सटीक थे, विदेश मीडिया एक फोटो भी नहीं दिखा सका कि भारत को नुकसान हुआ

Follow on Google News
ऑपरेशन सिंदूर पर NSA अजित डोभाल का बयान, कहा- हमसे कोई चूक नहीं हुई, सभी निशाने सटीक थे, विदेश मीडिया एक फोटो भी नहीं दिखा सका कि भारत को नुकसान हुआ

चेन्नई। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल ने शुक्रवार को पहली बार ऑपरेशन सिंदूर पर सार्वजनिक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने साफ कहा कि भारत की कार्रवाई पूरी तरह सटीक और सफल रही। कोई भी विदेशी मीडिया यह साबित नहीं कर पाया कि भारत को किसी तरह का नुकसान हुआ है।

डोभाल IIT मद्रास के 62वें दीक्षांत समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान समर्थित आतंकियों द्वारा 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में किए गए हमले के बाद भारत ने जो जवाब दिया, वह आत्मरक्षा और रणनीतिक स्पष्टता का उदाहरण था।

‘एक शीशा भी नहीं टूटा, हम बिल्कुल सटीक थे’

NSA डोभाल ने कहा, विदेशी मीडिया लगातार कहता रहा कि पाकिस्तान ने भारत को नुकसान पहुंचाया, लेकिन कोई एक भी सैटेलाइट इमेज या फोटो नहीं दिखा पाया, जिसमें यह साबित हो सके कि भारत को कोई नुकसान हुआ हो। क्या कोई यह दिखा सकता है कि भारत में एक भी शीशा टूटा हो? हमसे कोई चूक नहीं हुई।

उन्होंने आगे कहा कि भारत को इस मिशन पर गर्व है। हमने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सीमापार 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। एक भी टारगेट बॉर्डर के पास नहीं था। सभी टारगेट आतंकी गतिविधियों में लिप्त स्थान थे। हमने उन्हीं को खत्म किया।

स्वदेशी तकनीक से किया हमला, ऑपरेशन सिंदूर पर गर्व : डोभाल

NSA ने इस ऑपरेशन में स्वदेशी तकनीक के इस्तेमाल को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा, हमें ऑपरेशन सिंदूर पर नाज है, क्योंकि यह हमारे तकनीकी आत्मनिर्भरता और सैन्य कौशल का प्रतीक है। युद्ध और तकनीक के बीच गहरा संबंध है और हमने यह साबित किया है।

क्या है ऑपरेशन सिंदूर?

22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में एक आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की मौत हो गई थी। इसके जवाब में भारत ने 7 मई को पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) और पाकिस्तान में मौजूद 9 आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की थी। इस कार्रवाई में भारत ने 100 से अधिक आतंकियों को मार गिराया और पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों को भारी नुकसान पहुंचाया। इसके बाद दोनों देशों ने 10 मई की शाम को सीजफायर पर सहमति जताई थी।

हजारों सालों से संकट में रहा है भारत, लेकिन राष्ट्र आज भी जीवित है

NSA डोभाल ने छात्रों को संबोधित करते हुए भारतीय सभ्यता और राष्ट्र की भावना पर भी बात की। उन्होंने कहा, आप एक ऐसे राष्ट्र का हिस्सा हैं, जिसकी सभ्यता हजारों सालों से आक्रमणों और अपमानों से जूझती रही है। लेकिन भारत का राष्ट्रभाव कभी नष्ट नहीं हुआ। राष्ट्र और राज्य में फर्क है-भारत एक राष्ट्र के रूप में हमेशा जीवित रहा है।

पाकिस्तानी एयरबेस पर सटीक हमला, सैटेलाइट तस्वीरों से पुष्टि

14 मई को सामने आई हाई-रेजोल्यूशन सैटेलाइट तस्वीरों में यह स्पष्ट दिखा कि भारत ने पाकिस्तान के कई एयरबेस जैसे सरगोधा, नूर खान, जैकोबाबाद, भोलारी, सुक्कुर और रहीम यार खान को नुकसान पहुंचाया। एयर मार्शल एके भारती ने भी इसकी पुष्टि की थी। उन्होंने बताया कि भारत ने चुनिंदा मिलिट्री टारगेट को सटीकता से निशाना बनाया। हमलों में रनवे, हैंगर और कंट्रोल फैसिलिटी तबाह हुईं।

Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts