कोहरा, शीतलहर और बारिश:दिल्ली से पहाड़ तक बारिश का अलर्ट, ओले-बर्फबारी से हाहाकार

उत्तर भारत में मौसम ने अचानक खतरनाक रुख अपना लिया है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से दिल्ली, यूपी, पंजाब, हरियाणा और पहाड़ी राज्यों में बारिश, ओलावृष्टि और बर्फबारी का दौर जारी है। कई इलाकों में तेज हवाओं, बिजली गिरने और बादलों की गड़गड़ाहट ने दहशत पैदा कर दी है। मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली से पहाड़ तक बारिश का अलर्ट, ओले-बर्फबारी से हाहाकार
Ai generated
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    उत्तर भारत में मौसम लगातार चुनौती बना हुआ है। 27 जनवरी को हुई बारिश के बाद भी फिलहाल राहत के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। मौसम का यह बदला हुआ मिजाज वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से बना हुआ है, जिसके चलते आने वाले कुछ दिनों तक बारिश, तेज हवाएं और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी जारी रहने की संभावना है।

    दिल्ली NCR समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में मंगलवार को तेज बारिश देखने को मिली। कई इलाकों में बादलों की गड़गड़ाहट और बिजली चमकने से लोग सहम गए। राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली के कुछ इलाकों में ओले गिरने के वीडियो भी सामने आए हैं।

    Uploaded media

    दिल्ली-NCR में कैसा मौसम

    मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में आज बादल छाए रहेंगे, हालांकि दिन में बारिश की संभावना कम है। लेकिन 28 जनवरी से 31 जनवरी तक राजधानी में लगातार बादल छाए रहने का अनुमान है। सुबह के समय धुंध देखने को मिलेगी। 1 फरवरी को दिल्ली में एक बार फिर बारिश हो सकती है। इस दौरान बिजली गिरने और बादलों के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

    उत्तर प्रदेश में बारिश का अलर्ट

    उत्तर प्रदेश में आज और अगले दो दिनों तक मौसम खराब बना रह सकता है। राज्य के 50 से अधिक जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसमें पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश दोनों शामिल हैं। नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, बागपत, शामली, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, हापुड़ के साथ-साथ लखनऊ, कानपुर और उन्नाव में भी बारिश की संभावना है। वेस्ट यूपी के कई इलाकों में ओलावृष्टि का खतरा भी जताया गया है। संभल और मुरादाबाद में पहले ही ओले गिर चुके हैं।

    पहाड़ों में बर्फबारी का दौर

    हिमालयी क्षेत्रों में वेस्टर्न डिस्टरबेंस अपना ज्यादा असर दिखा रहा है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार किन्नौर, लाहौल-स्पीति, चंबा, कांगड़ा और कुल्लू के ऊंचे क्षेत्रों में कुछ जगहों पर भारी बर्फबारी भी हो सकती है। इससे जनजीवन और यातायात प्रभावित होने की आशंका है।

    कोहरा और शीतलहर का अलर्ट

    दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 28 से 30 जनवरी तक कोहरा और शीतलहर चलने की संभावना है। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार और उत्तरी मध्य प्रदेश में सुबह और रात के समय घना कोहरा छा सकता है। हिमाचल प्रदेश में 29 से 31 जनवरी तक शीतलहर की चेतावनी दी गई है।

    दिल्ली में ठंड से थोड़ी राहत

    बारिश और बादलों के बावजूद दिल्ली में ठंड से थोड़ी राहत मिली है। 28 जनवरी को न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 17 से 19 डिग्री तक रह सकता है। हालांकि 31 जनवरी तक तापमान में फिर गिरावट आने की संभावना है और न्यूनतम तापमान 5 से 7 डिग्री तक जा सकता है। इसके बाद 1 फरवरी से तापमान में फिर बढ़ोतरी हो सकती है।

    मौसम विभाग का अलर्ट

    भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली के कई इलाकों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी आंधी-बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है। मौसम विभाग की मानें तो 30 जनवरी की रात एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा, जिससे उत्तर पश्चिम भारत में एक बार फिर मौसम बिगड़ सकता है।
    आने वाले कुछ दिन उत्तर भारत के लिए मौसम के लिहाज से भारी रहने वाले हैं। लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह मानने की अपील की गई है।

    राज्य / क्षेत्र न्यूनतम तापमान (°C) अधिकतम तापमान (°C)
    दिल्ली 11 – 13 17 – 19
    उत्तर प्रदेश 9 – 12 16 – 20
    बिहार 10 – 13 18 – 22
    पंजाब 7 – 10 15 – 18
    हरियाणा 8 – 11 16 – 19
    राजस्थान 6 -10 18 - 22
    हिमाचल प्रदेश -2 - 4 6 - 12
    उत्तराखंड 2 – 6 10 - 15
    मध्य प्रदेश 10 - 13 20 - 24
    छत्तीसगढ़ 13 - 16 24 - 27
    झारखंड 11 - 14 22 - 25
    पश्चिम बंगाल 14 - 17 24 - 27
    महाराष्ट्र 16 - 20 28 - 32
    गुजरात 15 - 18 27 - 31
    तेलंगाना 16 - 19 28 - 32
    तमिलनाडु 20 - 23 30 - 34
    केरल 22- 24 30 - 33

    Garima Vishwakarma
    By Garima Vishwakarma

    गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...

    Latest Posts