नोएडा की हाईराइज सोसाइटी में भीषण आग :AC ब्लास्ट के बाद 22वीं मंजिल से उठीं लपटें, CM योगी ने दिए जांच के निर्देश

दिल्ली-एनसीआर में लगातार सामने आ रही आग की घटनाओं के बीच सोमवार सुबह नोएडा की एक हाईराइज सोसाइटी में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। सेक्टर-119 स्थित द अरण्य (The Aranya) सोसाइटी की ऊपरी मंजिल पर अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते ऊंची-ऊंची लपटों और काले धुएं ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
ऊपरी मंजिल से उठता धुआं देख मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह अचानक टावर की ऊपरी मंजिल से धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में धुआं आग की विकराल लपटों में बदल गया। आग तेजी से फैलने लगी, जिसके बाद सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत अपने फ्लैट खाली किए और आसपास रहने वाले परिवारों को भी सुरक्षित बाहर निकलने की सलाह दी।
AC ब्लास्ट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फ्लैट की बालकनी में लगे एयर कंडीशनर (AC) में विस्फोट होने के बाद आग लगी। हालांकि, दमकल विभाग ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि, आग पहले एक फ्लैट में लगी और कुछ ही देर में पास के दूसरे फ्लैट तक पहुंच गई, जिससे दोनों फ्लैटों को नुकसान पहुंचा।
21वीं या 22वीं मंजिल पर लगी आग
शुरुआती रिपोर्ट्स में आग 21वीं मंजिल पर लगने की बात कही गई, जबकि कुछ अधिकारियों ने इसे 22वीं मंजिल का फ्लैट बताया। ऊंचाई अधिक होने के कारण दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा।
छह दमकल गाड़ियों ने पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कई घंटे तक राहत और बचाव अभियान चलाकर आग को फैलने से रोका। मौके पर नोएडा के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) भी पहुंचे और पूरे ऑपरेशन की निगरानी की। पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर मौजूद रही।
कोई जनहानि नहीं, लोगों को सुरक्षित निकाला गया
इस हादसे में अब तक किसी के घायल होने या जान गंवाने की सूचना नहीं है। एहतियात के तौर पर आसपास के फ्लैटों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया। समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा हादसा टल गया।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने लिया संज्ञान
घटना की जानकारी मिलने के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि, अगर कोई घायल हो तो उसे तुरंत बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही जिला प्रशासन को पूरे मामले की निगरानी करने और आग लगने के कारणों की गहन जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं।
फायर सेफ्टी को लेकर प्रशासन सख्त
हाल के दिनों में उत्तर प्रदेश में आग लगने की घटनाओं के बाद प्रशासन पहले से ही सतर्क है। लखनऊ में हुए बड़े अग्निकांड के बाद प्रदेशभर में होटल, रेस्टोरेंट, पीजी, कोचिंग सेंटर और अन्य व्यावसायिक इमारतों में फायर सेफ्टी व्यवस्था की जांच अभियान चलाया जा रहा है। नोएडा की इस घटना के बाद भी हाईराइज इमारतों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
जांच के बाद साफ होगी आग की असली वजह
फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और स्थिति सामान्य बताई जा रही है। शुरुआती तौर पर AC ब्लास्ट को कारण माना जा रहा है, लेकिन दमकल विभाग और संबंधित एजेंसियां तकनीकी जांच कर रही हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।











