बेरहमी से पीटा, फिर बेटे के सामने जिंदा जला दिया... नोएडा में पति ने दहेज के लिए पत्नी को दी दर्दनाक मौत, जानें पूरा मामला

बेरहमी से पीटा, फिर बेटे के सामने जिंदा जला दिया... नोएडा में पति ने दहेज के लिए पत्नी को दी दर्दनाक मौत, जानें पूरा मामला
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    नोएडा। ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में दहेज के लिए एक विवाहिता को जिंदा जलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी पति ने अपने बेटे के सामने पत्नी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसी महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई।

    शादी में मिला था दहेज, फिर भी मांगे 35 लाख

    पीड़िता निक्की की शादी 2016 में विपिन नामक युवक से हुई थी। शादी के समय परिवार ने स्कॉर्पियो गाड़ी समेत हैसियत से अधिक दहेज दिया था। इसके बावजूद पति, ससुराल पक्ष और जेठ लगातार 35 लाख रुपए की मांग कर रहे थे। मना करने पर निक्की को मारपीट और यातनाएं दी जाती थीं।

    वारदात के दिन क्या हुआ?

    21 अगस्त की रात निक्की के साथ पति और सास ने जमकर मारपीट की। निक्की की बहन कंचन, जिसकी शादी भी इसी परिवार में हुई थी, जब बीच-बचाव करने पहुंची तो उसे भी पीटा गया। इसके बाद आरोपी पति ने निक्की पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।

    निक्की जलती हुई सीढ़ियों से बाहर भागी और चीखने लगी। पड़ोसियों ने कंबल डालकर आग बुझाई और उसे अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत के चलते उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया, जहां 22 अगस्त को उसकी मौत हो गई।

    बेटे ने बताया- "पापा ने मम्मी को जलाया"

    मृतका का छोटा बेटा मासूम आंखों से सारा मंजर देख रहा था। उसका बयान अब सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो में बच्चा साफ कहता है- “पापा ने पेट्रोल डाला, मम्मा को चांटा मारा और लाइटर से आग लगा दी।”

    आरोपी पति गिरफ्तार, बाकी फरार

    मृतका की बहन की शिकायत पर पुलिस ने पति विपिन, जेठ रोहित, सास दया और ससुर सतवीर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। पुलिस ने विपिन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी आरोपी फरार हैं। उन्हें पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।

    परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा

    निक्की की मौत से परिवार और पूरे गांव में आक्रोश है। शनिवार को परिजनों और ग्रामीणों ने थाने के बाहर धरना दिया। हाथों में पोस्टर लिए लोग नारे लगा रहे थे- “निक्की बहन को इंसाफ दो”, “Justice for Nikki”। परिजनों ने पुलिस को 12 घंटे का अल्टीमेटम दिया है कि बाकी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।

    समाज पर सवाल और इंसाफ की मांग

    निक्की हत्याकांड ने एक बार फिर दहेज प्रथा और महिला सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिवार का कहना है कि अगर दोषियों को सख्त सजा नहीं मिली तो ऐसी घटनाएं दोबारा होती रहेंगी। ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।

    ये भी पढ़ें: PM मोदी कराएंगे रूस-यूक्रेन युद्ध का अंत? भारत आएंगे पुतिन और जेलेंस्की, अमेरिका से ट्रेड वॉर के बीच नई कूटनीतिक तस्वीर उभरने के संकेत

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    Latest Posts