NEET Protest:CJP और सरकार के बीच तीसरे दौर की वार्ता, अस्पताल से बाहर आते ही भड़के सोनम वांगचुक!

नई दिल्ली। केंद्र सरकार और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बीच आज तीसरे दौर की बातचीत होनी है, जिस पर सभी की नजरें टिकी हैं। आंदोलन कर रहे छात्र और संगठन अपनी प्रमुख मांगों पर कायम हैं जबकि सरकार भी समाधान निकालने की कोशिश में जुटी है। इसी बीच दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी है।
तीसरे दौर की बातचीत पर टिकी उम्मीदें
नीट परीक्षा को लेकर जारी विवाद के बीच आज दोपहर 3:30 बजे सरकार और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बीच तीसरे दौर की बातचीत होने वाली है। दोनों पक्ष पहले भी दो बार आमने सामने बैठ चुके हैं लेकिन अब तक किसी अंतिम फैसले पर सहमति नहीं बन सकी है। इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है क्योंकि इससे आंदोलन की आगे की दिशा तय हो सकती है।
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर अड़ा संगठन
CJP ने कहा है कि वह केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग से पीछे नहीं हटेगी। संगठन का कहना है कि परीक्षा में सामने आई अनियमितताओं की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। सरकार का मानना है कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए ठोस फैसले लेना ज्यादा जरूरी है।
ये भी पढ़ें: थैंक यू फ्रेंड्स... पीएम मोदी का नया इंस्टाग्राम वीडियो, युवाओं को कहा शुक्रिया
दूसरे दौर की बैठक में कई मुद्दों पर हुई चर्चा
दूसरे दौर की बातचीत के बाद सरकार की ओर से बताया गया कि सीजेपी ने अपनी तीन प्रमुख मांगों के साथ परीक्षा व्यवस्था में सुधार से जुड़े कई सुझाव दिए हैं। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि सभी प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। वहीं, CJP के नेताओं ने दावा किया कि आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले छात्रों के परिवारों को आर्थिक सहायता और प्रदर्शनकारियों पर दर्ज मामलों को वापस लेने के मुद्दे पर सकारात्मक संकेत मिले हैं।
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन शांत, आंदोलन जारी
दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन अभी भी जारी है। पहले के मुकाबले प्रदर्शनकारियों की संख्या कम हुई है और माहौल भी शांत नजर आ रहा है। प्रदर्शन स्थल पर लोग देशभक्ति के गीत गा रहे हैं, एक दूसरे से बातचीत कर रहे हैं और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रख रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि उसकी पहली प्राथमिकता कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।
मेट्रो स्टेशन और शराब की दुकानें बंद
आंदोलन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत कर दी गई है। दिल्ली पुलिस ने सभी नियमित छुट्टियां अगले आदेश तक रद्द कर दी हैं और केवल आपात स्थिति में ही अवकाश देने का फैसला लिया है। इसके अलावा आज भी 18 मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे। वहीं, शराब की दुकानों को भी समय से पहले रात 8 बजे बंद करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न फैले।
उपवास पर सवाल, वांगचुक ने दिया जवाब
26 दिन की भूख हड़ताल खत्म करने के बाद सोनम वांगचुक ने एक वीडियो जारी कर अपने उपवास पर सवाल उठाने वालों को कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि छात्रों के समर्थन में लंबे समय तक भूख हड़ताल करने के कारण उनका 11 किलो वजन कम हो गया और उनकी सेहत पर गंभीर असर पड़ा। वांगचुक ने कहा कि उन्हें किसी से यह साबित करने की जरूरत नहीं है कि उनका उपवास कितना सच्चा था या उन्होंने किसके हाथों इसे समाप्त किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी दावे पर विश्वास करने से पहले यह जरूर देखें कि उसे कहने वाले की मंशा क्या है और वह निष्पक्ष है या नहीं।
अस्पताल से बाहर आते समय दिखा गुस्सा
भूख हड़ताल समाप्त होने के बाद अस्पताल से बाहर निकलते समय सोनम वांगचुक काफी नाराज नजर आए। वहां मौजूद पुलिस और सुरक्षाकर्मियों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि लगातार बने तनाव का उनकी सेहत पर बुरा असर पड़ा है। उनकी पत्नी गीतांजलि भी उनके साथ मौजूद थीं।
सुप्रीम कोर्ट में जल्द होगी सुनवाई
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर दायर दो याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट 27 जुलाई को सुनवाई करेगा। इन याचिकाओं में आरोप लगाया गया है कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ पुलिस ने सख्ती की। अदालत ने मामले को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने पर सहमति दे दी है।
ये भी पढ़ें: NTA में बड़ा एक्शन : 47 अधिकारी बर्खास्त, CJP प्रोटेस्ट के बीच शिक्षा मंत्रालय का बड़ा एक्शन
किताबों की बढ़ी मांग
आंदोलन के बीच एक सकारात्मक तस्वीर भी देखने को मिली है। जंतर-मंतर के आसपास किताब बेचने वाले दुकानदारों का कहना है कि संविधान, सामाजिक न्याय और भगत सिंह से जुड़ी किताबों की मांग तेजी से बढ़ी है। सुरक्षा कारणों से बाजारों में ग्राहकों की संख्या कम हुई है, लेकिन प्रदर्शन में शामिल युवा किताबें और अखबार खरीदने में खास रुचि दिखा रहे हैं।











