NCP किसकी..? भतीजे अजित ने मारी बाजी, शरद पवार को फिर लगा बड़ा झटका, विधानसभा अध्यक्ष ने खारिज की विधायकों को अयोग्य ठहराने वाली याचिकाएं

मुंबई। महाराष्ट्र की सियासत में चाचा-भतीजा का विवाद जारी है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के विधायकों की अयोग्यता के मामले में शरद पवार गुट को एक बार फिर करारा झटका लगा है। महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने अजित गुट के 5 विधायकों की अयोग्यता को चुनौती देने वाली शरद पवार गुट की याचिकाओं को खारिज कर दिया। अजित गुट में फिलहाल 41 विधायक हैं। अजित पवार के पास अपने चाचा शरद पवार से ज्यादा विधायकों का समर्थन है इसलिए चुनाव आयोग ने भी उनके गुट को ही असली एनसीपी माना गया है। आज विधानसभा अध्यक्ष ने भी अपने फैसले में यही कहा कि अजित पवार गुट ही असली एनसीपी है, इसलिए याचिकाएं खारिज की जाती हैं।
पांच याचिकाएं हुईं थी दायर
इससे पहले चुनाव आयोग ने अपना फैसला देते हुए अजित पवार गुट को ही असली एनसीपी मानते हुए उन्हें चुनाव चिन्ह घड़ी का भी आवंटन किया था। विधायकों की अयोग्यता के मामवले में विधानसभा अध्यक्ष के पास शरद पवार गुट की तरफ से 3 याचिकाएं दायर की गईं थीं। इधर अजित गुट ने भी दो याचिकाएं विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर के समक्ष दाखिल की थीं, जिनमें शरद पवार गुट के तीन विधायकों को अयोग्य ठहराने की मांग की गई थी। आज हुई सुनवाई के दौरान अजित पवार गुट की तरफ से अनिल पाटिल और समीर भुजबल मौजूद रहे, जबकि शरद पवार गुट से केवल उनके अधिवक्ता ही पहुंचे।





















