🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 का ऐलान, 17 खिलाड़ियों को अर्जुन अवॉर्ड; खेल रत्न के लिए इस बार कोई नाम नहीं

राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 का ऐलान हो गया है। तेजस्विन शंकर, दिव्या देशमुख और प्रियंका गोस्वामी समेत 17 खिलाड़ियों को अर्जुन अवॉर्ड के लिए चुना गया है। तीन कोच को द्रोणाचार्य पुरस्कार मिलेगा। इस बार मेजर ध्यानचंद खेल रत्न के लिए किसी खिलाड़ी का चयन नहीं हुआ। आर्मी पैरालंपिक नोड, पुणे को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार मिलेगा।
Follow on Google News
राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 का ऐलान, 17 खिलाड़ियों को अर्जुन अवॉर्ड; खेल रत्न के लिए इस बार कोई नाम नहीं
राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 की घोषणा कर दी गई है, जिसमें 17 खिलाड़ियों को प्रतिष्ठित अर्जुन अवॉर्ड से नवाजा जाएगा।

नई दिल्ली। राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 का ऐलान कर दिया गया है। इस बार देश के सर्वोच्च खेल सम्मान मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार के लिए किसी भी खिलाड़ी का चयन नहीं किया गया है। वहीं, एथलेटिक्स के तेजस्विन शंकर और प्रियंका गोस्वामी, शतरंज की दिव्या देशमुख समेत कुल 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार 2025 के लिए चुना गया है। इसके अलावा तीन कोच को द्रोणाचार्य पुरस्कार, दो को द्रोणाचार्य पुरस्कार (लाइफटाइम) और एक खिलाड़ी को अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम) देने का फैसला किया गया है। खेल मंत्रालय ने मंगलवार को राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों की घोषणा की। अलग-अलग श्रेणियों में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और संस्थानों के नाम भारत के सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायमूर्ति अरुण कुमार मिश्रा की अध्यक्षता वाली चयन समिति की सिफारिशों के आधार पर तय किए गए हैं।

तेजस्विन शंकर से दिव्या देशमुख तक, 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार

अर्जुन पुरस्कार 2025 के लिए अलग-अलग खेलों से जुड़े 17 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। इनमें एथलेटिक्स, बैडमिंटन, मुक्केबाजी, शतरंज, हॉकी, कबड्डी, पैरा-शूटिंग, पैरा-एथलेटिक्स, रोइंग और शूटिंग के खिलाड़ी शामिल हैं। एथलेटिक्स में तेजस्विन शंकर, मोहम्मद अजमल वी और प्रियंका गोस्वामी को अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना गया है। वहीं बैडमिंटन में त्रिशा जॉली और पुलेला गायत्री गोपीचंद को यह सम्मान मिलेगा। मुक्केबाजी में नरेंद्र, जबकि शतरंज में विदित गुजराती और दिव्या देशमुख अर्जुन पुरस्कार के लिए चुने गए हैं। बधिर शूटिंग में धनुष श्रीकांत को सम्मान मिलेगा। हॉकी से लालरेमसियामी और राजकुमार पाल, जबकि कबड्डी से सुजीत और पूजा को अर्जुन पुरस्कार दिया जाएगा। पैरा-शूटिंग में रुद्रांश खंडेलवाल, पैरा-एथलेटिक्स में एकता भ्यान, रोइंग में अरविंद सिंह और शूटिंग में अखिल श्योरण का चयन हुआ है।

अर्जुन पुरस्कार 2025 के 17 विजेता

खिलाड़ी

खेल

तेजस्विन शंकर एथलेटिक्स
मोहम्मद अजमल वी एथलेटिक्स
प्रियंका गोस्वामी एथलेटिक्स
त्रिशा जॉली  बैडमिंटन
पुलेला गायत्री गोपीचंद   बैडमिंटन
नरेंद्र मुक्केबाजी
विदित गुजराती शतरंज
दिव्या देशमुख शतरंज
धनुष श्रीकांत बधिर शूटिंग
लालरेमसियामी हॉकी
राजकुमार पाल हॉकी
सुजीत कबड्डी
पूजा कबड्डी
रुद्रांश खंडेलवाल पैरा-शूटिंग
एकता भ्यान पैरा-एथलेटिक्स
अरविंद सिंह रोइंग
अखिल श्योरण शूटिंग


अर्जुन पुरस्कार उन खिलाड़ियों को दिया जाता है जिन्होंने पिछले चार वर्षों में खेल के क्षेत्र में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया हो और अपने खेल के साथ नेतृत्व, खेल भावना और अनुशासन का भी प्रदर्शन किया हो।

दिव्या देशमुख समेत इन खिलाड़ियों के नाम पर लगी मुहर

इस साल अर्जुन पुरस्कार पाने वालों में शतरंज की युवा खिलाड़ी दिव्या देशमुख का नाम भी शामिल है। उनके अलावा तेजस्विन शंकर और प्रियंका गोस्वामी जैसे एथलीटों को भी यह सम्मान मिलेगा। खेलों की अलग-अलग विधाओं से खिलाड़ियों को शामिल किए जाने से इस साल की पुरस्कार सूची में विविधता भी नजर आती है। इसमें पारंपरिक खेलों के साथ पैरा-स्पोर्ट्स और बधिर खिलाड़ियों को भी जगह मिली है।

अर्जुन पुरस्कार लाइफटाइम भी दिया जाएगा

राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 में अर्जुन पुरस्कार की लाइफटाइम श्रेणी भी शामिल है। इस सम्मान के लिए आई अरुमनायगम का चयन किया गया है। उन्हें फुटबॉल में योगदान के लिए यह सम्मान दिया जाएगा। अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम) ऐसे खिलाड़ियों को दिया जाता है जिन्होंने अपने खेल करियर में योगदान देने के साथ-साथ संन्यास के बाद भी खेल को आगे बढ़ाने में भूमिका निभाई हो।

Breaking News

तीन कोच को मिलेगा द्रोणाचार्य पुरस्कार

खिलाड़ियों के साथ इस बार तीन प्रशिक्षकों को भी द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए चुना गया है। इनमें एथलेटिक्स के परवीर सिंह, मुक्केबाजी के छोटे लाल यादव और शूटिंग की नेहा नंदकुमार चव्हाण शामिल हैं। द्रोणाचार्य पुरस्कार उन प्रशिक्षकों को दिया जाता है जिन्होंने खिलाड़ियों को तैयार करने और उन्हें राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई हो।

द्रोणाचार्य पुरस्कार 2025

कोच

खेल

परवीर सिंह एथलेटिक्स 
छोटे लाल यादव  मुक्केबाजी
नेहा नंदकुमार चव्हाण शूटिंग

दो कोच को मिलेगा द्रोणाचार्य लाइफटाइम अवॉर्ड

द्रोणाचार्य पुरस्कार की लाइफटाइम श्रेणी में धर्मेंद्र सिंह यादव और वीरेंद्र कुमार को चुना गया है। धर्मेंद्र सिंह यादव को मुक्केबाजी और वीरेंद्र कुमार को कुश्ती में उनके योगदान के लिए यह सम्मान मिलेगा। यह पुरस्कार ऐसे प्रशिक्षकों के योगदान को सम्मानित करता है जिन्होंने लंबे समय तक खिलाड़ियों को तैयार करने और खेल को आगे बढ़ाने में भूमिका निभाई है।

आर्मी पैरालंपिक नोड, पुणे को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार

राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार 2025 के लिए आर्मी पैरालंपिक नोड, पुणे का चयन किया गया है। यह सम्मान खेलों को बढ़ावा देने और उनके विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले संस्थानों को दिया जाता है। इस श्रेणी में सार्वजनिक या निजी संस्थानों के साथ गैर-सरकारी संगठनों को भी सम्मानित किया जाता है, अगर उन्होंने खेलों के विकास और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम किया हो।

पर्यटकों के लिए अच्छी खबर, अब दो दिन नहीं सप्ताहभर चलेगी पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन

इस बार खेल रत्न के लिए कोई नाम नहीं

राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 की घोषणा में सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार के लिए इस बार किसी खिलाड़ी का चयन नहीं किया गया है। खेल रत्न देश का सर्वोच्च खेल सम्मान है। वहीं, अर्जुन पुरस्कार के लिए 17 खिलाड़ियों, अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम) के लिए एक खिलाड़ी और द्रोणाचार्य पुरस्कार की अलग-अलग श्रेणियों में पांच प्रशिक्षकों का चयन किया गया है। इस तरह राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 में खिलाड़ियों के साथ कोच और खेल संस्थानों को भी सम्मान दिया जाएगा। चयन समिति की सिफारिशों के आधार पर सरकार की ओर से घोषित यह सूची एथलेटिक्स, बैडमिंटन, शतरंज, हॉकी, कबड्डी, शूटिंग और पैरा-स्पोर्ट्स समेत कई खेलों में भारतीय खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के योगदान को सामने लाती है।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...Read More

icon

Latest Posts