पर्यटकों के लिए अच्छी खबर, अब दो दिन नहीं सप्ताहभर चलेगी पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन

पातालपानी-कालाकुंड के बीच लंबे समय से बंद हेरिटेज ट्रेन फिर शुरू होने की तैयारी में है। पश्चिम रेलवे 22 से 25 अगस्त के बीच संचालन शुरू करने की तैयारी कर रहा है। ट्रेन को सप्ताह के सभी दिनों में चलाने की योजना है। परीक्षण के बाद संचालन की तारीख, समय-सारणी और किराए की आधिकारिक घोषणा होगी।
पर्यटकों के लिए अच्छी खबर, अब दो दिन नहीं सप्ताहभर चलेगी पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन
फाइल फोटो

महू। बारिश के मौसम में पातालपानी और कालाकुंड की हसीन वादियों का नजारा देखने आने वाले पर्यटकों के लिए अच्छी खबर है। लंबे समय से बंद हेरिटेज ट्रेन को एक बार फिर पातालपानी-कालाकुंड ट्रैक पर दौड़ाने की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल द्वारा 22 से 25 अगस्त के बीच ट्रेन का संचालन शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इस बार ट्रेन को केवल शनिवार-रविवार तक सीमित रखने के बजाय पूरे सप्ताह चलाने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। हेरिटेज ट्रेन का इंजन और कोच रखरखाव के लिए बीकानेर मंडल भेजे गए थे। रखरखाव के बाद ट्रेन इंदौर होते हुए महू पहुंच गई है। आठ कोच वाली हेरिटेज ट्रेन को ट्रैक पर स्थापित किया जा चुका है। अब ट्रैक पर ट्रेन का परीक्षण किया जाएगा।

परीक्षण के बाद अंतिम निर्णय

रेलवे द्वारा अभी ट्रेन के नियमित संचालन को लेकर आधिकारिक सूचना जारी नहीं की गई है। इंजन और कोच महू पहुंचने के बाद दो से तीन दिन तक परीक्षण संचालन किए जाने की संभावना है। परीक्षण सफल रहने के बाद रेलवे की ओर से संचालन की तारीख, समय और अन्य व्यवस्थाओं की आधिकारिक जानकारी जारी की जाएगी।

इस बार पूरे सप्ताह चलाने की तैयारी 

पर्यटकों की बढ़ती रुचि को देखते हुए पश्चिम रेलवे इस बार हेरिटेज ट्रेन को सप्ताह के सभी दिनों में चलाने की तैयारी कर रहा है। सावन और बारिश के मौसम में पातालपानी का झरना और कालाकुंड की हरी-भरी पहाड़ियां पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहती हैं। ट्रेन के नियमित संचालन से पर्यटकों को इन प्राकृतिक स्थलों की रेल यात्रा का अलग अनुभव मिल सकेगा।

Breaking News

किराए में भी हो सकता है बदलाव 

ट्रेन के संचालन के साथ इसके किराए में बदलाव की संभावना भी जताई जा रही है। हालांकि किराया कितना होगा और ट्रेन किन समयों पर चलेगी, इसका अंतिम फैसला रेलवे द्वारा किया जाएगा। समय-सारणी और किराए से संबंधित आधिकारिक घोषणा परीक्षण संचालन पूरा होने के बाद होने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें: दमोह का नसेनिया फॉल; यहां आएंगे तो देखते रह जाएंगे मनोरम नजारा, प्राकृतिक सौंदर्य और प्राचीनता का संगम

अगस्त में नियमित सेवा शुरू होने की उम्मीद 

संभावना है कि 22 से 25 अगस्त के बीच पातालपानी और कालाकुंड के बीच हेरिटेज ट्रेन का नियमित संचालन शुरू हो सकता है। जून माह में महू दौरे के दौरान मंडल रेल प्रबंधक भी अगस्त से हेरिटेज ट्रेन के नियमित संचालन की बात कह चुके हैं। ऐसे में यदि परीक्षण प्रक्रिया निर्धारित योजना के अनुसार पूरी होती है तो बारिश के मौसम में पर्यटकों को एक बार फिर इस लोकप्रिय रेल सफर का आनंद मिल सकेगा। 

ये भी पढ़ें: कजरी तीज 2026: सुहागिनों के लिए खास दिन! कब है व्रत, शुभ मुहूर्त और पूजा के आसान उपाय, जानें पूरी जानकारी

Ankit Rathore
By Ankit Rathore

Latest Posts