छिंदवाड़ा: पुलिस ने किया चेन स्नैचिंग का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; महंगे शौक पूरे करने के लिए करते थे चोरी

छिंदवाड़ा। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और प्रार्थी के बताए हुलिये के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। सौंसर में पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में जुर्म करना स्वीकार किया और बताया कि घूमने-फिरने और नए कपड़े खरीदने के लिए पैसे नहीं होने पर उन्होंने इंदौर से रेंट पर कार लेकर चेन स्नैचिंग की योजना बनाई थी।
चाकू मारने की बात कहकर छीनी सोने की चेन
27 सितम्बर को प्रार्थी अक्षय नरेन्द्र कुमार राव शाम करीब 7:20 बजे चदनगांव से घर वापस हो रहे थे। DDC कॉलेज के गेट के आगे एक सफेद रंग की होंडा कंपनी की ओरा कार से दो अज्ञात व्यक्ति मुंह में सफेद रंग का कपड़ा बांधे हुए उतरे और एक व्यक्ति ने बोला कि चाकू मार, जबकि दूसरे व्यक्ति ने गले में झपट्टा मारकर करीब 20 ग्राम की सोने की चेन छीन ली और भाग गए।
ये भी पढ़ें: सिहोरा में दर्दनाक हादसा, कार-बाइक की जोरदार भिड़ंत; दो लोगों की मौत
एसपी के निर्देश पर पुलिस टीम ने शुरू की तलाश
पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे द्वारा उक्त चेन स्नैचिंग की घटना को लेकर आरोपियों को पकड़ने के लिए दिशा निर्देश जारी किए गए। नगर पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा अभिषेक चौधरी के द्वारा थाना प्रभारी कोतवाली को तत्काल पुलिस टीम गठित करने हेतु बताया गया, जिसके बाद थाना प्रभारी कोतवाली आशीष कुमार धुर्वे के द्वारा पुलिस टीम गठित की गई।
सीसीटीवी फुटेज से मिला आरोपी का सुराग
पुलिस टीम के द्वारा घटना स्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। वारदात करने के बाद एक आरोपी के मुंह से गमछा निकल गया था, जिसे प्रार्थी ने देखा था। प्रार्थी के बताए हुलिये की तस्दीक करने पर पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि उक्त हुलिया नया बसेरा भोपाल निवासी प्रेम राठपा का है।
सौंसर में दो आरोपी और एक नाबालिग पकड़ाया
पुलिस टीम के द्वारा आरोपी प्रेम राठपा को उसके दो अन्य साथियों के साथ सौंसर में पकड़ा गया। पूछताछ करने पर पहले तो वह लगातार पुलिस को गुमराह करते रहे, बाद में अपना नाम प्रेम उर्फ शुभम पिता दिनराज राठपा और राघवेन्द्र उर्फ सन्नी निवासी भोपाल का होना बताया और अपराध करना स्वीकार किया।
इंदौर से रेंट पर ली थी कार
आरोपियों ने बताया कि उनके पास घूमने-फिरने और नए-नए कपड़े खरीदने के लिए पैसे नहीं होने पर आरोपी राघवेंद्र उर्फ सन्नी सिंह के द्वारा प्लान बनाया गया था। उन्होंने इंदौर से बिना ड्राइवर की रेंट पर कार लेकर उस कार से जाकर कहीं भी चोरी-लूट की घटना करने की योजना बनाई और 17 सितम्बर को इंदौर से एक ओरा कार रेंट पर लेकर उसकी नंबर प्लेट बदलकर छिंदवाड़ा में चेन स्नैचिंग की घटना करना बताया।
चेन बरामद, आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं मामले
रेंट वाली कार इंदौर के रेंट व्यवसायी से जब्त कर आरोपी प्रेम राठपा, राघवेंद्र सिंह और नाबालिग को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। आरोपी प्रेम राठपा के विरुद्ध भोपाल में हत्या का प्रयास, मारपीट के कुल 05 अपराध और आरोपी राघवेंद्र के विरुद्ध भोपाल, हैदराबाद में चोरी के कुल 04 मामले दर्ज हैं।




















