Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

कटनी के कुठला थाने में अधेड़ ने खुद को लगाई आग, 90% झुलसा, पत्नी से पूछताछ कर रही थी पुलिस

कटनी के कुठला थाना परिसर में दलपत पटेल ने कथित तौर पर खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। वह करीब 90% झुलस गए और गंभीर हालत में जबलपुर रेफर किए गए। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस चोरी के मामले में उनकी पत्नी को भी आरोपी बनाने की तैयारी कर रही थी। एसपी ने मामले की जांच की बात कही।
कटनी के कुठला थाने में अधेड़ ने खुद को लगाई आग, 90% झुलसा, पत्नी से पूछताछ कर रही थी पुलिस
कटनी। आग से झुलसे अधेड़ का अस्पताल में चल रहा उपचार।

कटनी। कुठला थाना परिसर में शुक्रवार को दलपत पटेल नामक व्यक्ति ने कथित तौर पर खुद पर पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा ली। थाना परिसर में आग की लपटों से घिरे व्यक्ति को देखकर पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में आग बुझाकर उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, दलपत लगभग 90 फीसदी झुलस चुका है और उसकी हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है।गंभीर हालत को देखते हुए घायल दलपत को जबलपुर रेफर किया गया है।

बेटा जेल में, पत्नी को भी आरोपी बनाने की थी तैयारी

मिली जानकारी के अनुसार, दलपत का बेटा चोरी के एक मामले में पहले से जेल में निरुद्ध है। आरोप है कि पुलिस इसी मामले में दलपत की पत्नी को भी आरोपी बनाने की तैयारी कर रही थी, जिससे क्षुब्ध होकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस के मुताबिक दलपत पटेल पहले से ही अपने साथ पेट्रोल लेकर आए थे और थाना परिसर में घुसते ही उन्होंने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। थाना परिसर के भीतर व्यक्ति का पेट्रोल लेकर प्रवेश करना और आग लगा लेना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है।

ये भी पढ़ें: मंडला में पैसे डबल करने का झांसा देकर 1.75 करोड़ की ठगी, 6 आरोपी गिरफ्तार; 66.50 लाख की संपत्ति जब्त

पिता मां की जानकारी लेने थाने पहुंचे थे

दलपत के बड़े बेटे महेंद्र पटेल ने बताया  कि छोटे भाई पर चोरी का आरोप है, जिसके सिलसिले में कुठला थाना पुलिस हमारी मां गुड्डी बाई को पूछताछ के लिए थाने लेकर आई थी। पिता दलपत पटेल मां की जानकारी लेने थाने पहुंचे थे।

पुलिस पर  दबाव बनाने का प्रयास: एसपी

कटनी एसपी  अभिनय मिश्रा ने कहा कि चोरी के प्रकरण में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही थी। प्राथमिक दृष्टि से व्यक्ति ने पुलिस पर दबाव बनाने के उद्देश्य से यह कृत्य किया है। मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है, नियमानुसार कार्रवाई होगी।

ये भी पढ़ें: छिंदवाड़ा में जहरीली गैस से एक युवक की मौत, दूसरे का इलाज जारी; सेप्टिक टैंक में उतरे और गंवाई जान

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts