वनडे वर्ल्ड कप 2027 का शेड्यूल जारी, 10 अक्टूबर को भारत-पाकिस्तान मुकाबला; 14 टीमों के बीच 57 मैच

भारत अपने अभियान की शुरुआत 7 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ केपटाउन में करेगा, जबकि 10 अक्टूबर को जोहान्सबर्ग में पाकिस्तान से भिड़ेगा। दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होने वाले इस वर्ल्ड कप में 14 टीमें 57 मैच खेलेंगी।
10 अक्टूबर को भारत-पाकिस्तान का मुकाबला
2027 वनडे वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है। दोनों टीमों के बीच मुकाबला 10 अक्टूबर को जोहान्सबर्ग में खेला जाएगा। इससे पहले भारत 7 अक्टूबर को केपटाउन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगा।
ये भी पढ़ें: वेस्टइंडीज के खिलाफ T20 सीरीज से पहले वॉशिंगटन सुंदर बाहर, उनकी जगह आएगा यह खिलाड़ी..!
भारत के ग्रुप स्टेज के मुकाबले
भारतीय टीम 14 अक्टूबर को सेंचूरियन में अफगानिस्तान से भिड़ेगी। इसके बाद 17 अक्टूबर को ब्लूमफोंटेन में क्वालीफायर-A से आने वाली टीम के खिलाफ मुकाबला होगा, जबकि 24 अक्टूबर को भारत और जिम्बाब्वे के बीच मैच विक्टोरिया फॉल्स में खेला जाएगा।
तीन देशों में खेला जाएगा वर्ल्ड कप
2027 वनडे वर्ल्ड कप दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में आयोजित होगा। टूर्नामेंट के लिए कुल 12 वेन्यू तय किए गए हैं, जिनमें दक्षिण अफ्रीका के आठ, जिम्बाब्वे के तीन और नामीबिया का एक वेन्यू शामिल है। टूर्नामेंट में कुल 14 टीमें हिस्सा लेंगी और 57 मैच खेले जाएंगे।
दो ग्रुप में बांटी गईं 12 टीमें
वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज में 12 टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप-A में भारत, ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, अफगानिस्तान, जिम्बाब्वे और क्वालीफायर-A हैं, जबकि ग्रुप-B में न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, इंग्लैंड, बांग्लादेश और क्वालीफायर-B को रखा गया है। इससे पहले 2 अक्टूबर से नामीबिया में तीन टीमों की सुपर सीरीज होगी, जिससे ग्रुप स्टेज की अंतिम टीम तय होगी।
10 टीमें सीधे क्वालीफाई, चार स्थानों पर क्वालीफायर
आईसीसी की 30 सितंबर 2026 की वनडे रैंकिंग के आधार पर भारत, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान ने सीधे क्वालीफाई किया है। मेजबान होने के कारण दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे को भी सीधे प्रवेश मिला है। नामीबिया पूर्ण सदस्य नहीं होने के कारण सीधे क्वालीफाई नहीं कर पाया है, जबकि बाकी चार स्थान क्वालीफायर से तय होंगे। वेस्टइंडीज भी क्वालीफायर में हिस्सा लेगी।




















