Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मंडला में पैसे डबल करने का झांसा देकर 1.75 करोड़ की ठगी, 6 आरोपी गिरफ्तार; 66.50 लाख की संपत्ति जब्त

मंडला में कम समय में जमा रकम दोगुनी करने का लालच देकर निवेश कराने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। कोतवाली पुलिस ने मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक अब तक सामने आई शिकायतों में करीब 1.75 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी की बात सामने आई है।
मंडला में पैसे डबल करने का झांसा देकर 1.75 करोड़ की ठगी, 6 आरोपी गिरफ्तार; 66.50 लाख की संपत्ति जब्त
मंडला में पैसे डबल करने का झांसा देकर 1.75 करोड़ की ठगी

मंडला। आरोपियों के कब्जे से 32 लाख रुपए नकद सहित करीब 66.50 लाख रुपए का माल जब्त किया गया है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि गिरोह ने कितने लोगों से कितनी रकम जुटाई और उसका इस्तेमाल कहां-कहां किया।

नागपुर से मुंबई तक तलाश, तीन जगह दबिश

पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा के मार्गदर्शन और एसडीओपी पीयूष मिश्रा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमों ने नागपुर, गोंदिया, मुंबई, बालाघाट और मंडला में पतासाजी की। इसके बाद गोंदिया, बालाघाट और मंडला में दबिश देकर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

ये भी पढ़ें: सिहोरा में दर्दनाक हादसा, कार-बाइक की जोरदार भिड़ंत; दो लोगों की मौत

ऐसे करते थे निवेश के लिए तैयार

पुलिस की जांच के अनुसार आरोपी लोगों को कम समय में उनकी जमा पूंजी दोगुनी कर लौटाने का भरोसा देकर रकम निवेश कराने के लिए तैयार करते थे। शिकायतें सामने आने के बाद पुलिस ने वित्तीय लेन-देन की पड़ताल शुरू की। पूछताछ में निवेशकों की संख्या, उनसे ली गई रकम, रकम के बंटवारे और उससे खरीदी गई संपत्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

32 लाख नकद, दो कार और तीन स्कूटी जब्त

पुलिस ने आरोपियों के पास से 32 लाख रुपए नकद, करीब 3.50 लाख रुपए कीमत की तीन स्कूटी, करीब 10 लाख रुपए की कार, करीब 20 लाख रुपए की हुंडई अल्काजार और करीब 50 हजार रुपए कीमत का मोबाइल जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 66.50 लाख रुपए बताई गई है।

Breaking News

गिरवी कार छुड़ाने में 11 लाख देने का आरोप

जांच में पुलिस को पता चला कि हुंडई अल्काजार कार पहले गिरवी रखी हुई थी। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने कथित तौर पर ठगी से प्राप्त रकम में से 11 लाख रुपए नकद देकर कार छुड़ाई। इसके अलावा धोखाधड़ी की रकम से कार, स्कूटी और मोबाइल खरीदने की जानकारी भी जांच में सामने आई है।

ये आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने राजिक कुरैशी (31), निवासी वैहर रोड, बालाघाट; मोहसिन उर्फ समीम खान (32), मंडला, अब्दुल समीर शेख (30), गोंदिया, रासिद खान (36), मंडला,साजिद खान (40), मंडला और इमरान शेख (26), गोंदिया को गिरफ्तार किया है।

मुख्य आरोपी पर नागपुर में भी केस

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी राजिक कुरैशी के खिलाफ महाराष्ट्र के नागपुर जिले के नंदनवन थाने में भी धोखाधड़ी का मामला दर्ज है और वह उस मामले में जमानत पर चल रहा है। मंडला पुलिस अब दोनों मामलों से जुड़े तथ्यों और आरोपियों के वित्तीय नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है।

ये भी पढ़ें: छिंदवाड़ा: पुलिस ने किया चेन स्नैचिंग का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; महंगे शौक पूरे करने के लिए करते थे चोरी

पुलिस खंगाल रही निवेशकों का नेटवर्क

पुलिस का फोकस अब इस बात पर है कि 1.75 करोड़ रुपए की शिकायतों के पीछे कितने निवेशक हैं, किससे कितनी रकम ली गई और पैसा किन खातों या संपत्तियों में लगाया गया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य संभावित सहयोगियों और मामले से जुड़े वित्तीय लेन-देन की जानकारी भी जुटा रही है।

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts