सिहोरा के घर में बंधे हाथों में मिला महिला का शव, हत्या का केस दर्ज, पोस्टमार्टम से खुलेगा राज

सिहोरा। खितौला थाना क्षेत्र के ग्राम दरौली कला में शुक्रवार को 45 वर्षीय लक्ष्मीबाई राठौर घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिली। उसके दोनों हाथ बंधे थे और सिर, गले व कान के पास चोट के निशान मिले। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की परिस्थितियों को देखते हुए शनिवार को महिला का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
पति और बेटा घर से बाहर थे
लक्ष्मीबाई के पति रामदास राठौर मिस्त्री का काम करते हैं। शुक्रवार को वह काम के सिलसिले में केवलारी गए थे। बड़ा बेटा संजय गांव में वेल्डिंग करने गया था। इस दौरान लक्ष्मीबाई घर में अकेली थी। वह जन्म से गूंगी और विकलांग थी।
ये भी पढ़ें: मंडला में पैसे डबल करने का झांसा देकर 1.75 करोड़ की ठगी, 6 आरोपी गिरफ्तार; 66.50 लाख की संपत्ति जब्त
घर के पीछे से निकले दो युवक
दोपहर करीब 3 बजे गांव के कुछ लोगों ने महिला के घर के पिछले दरवाजे से दो युवकों को निकलते देखा। सूचना पर संजय घर पहुंचा तो दरवाजा खुला था। मां के कपड़े अस्त-व्यस्त थे और दोनों हाथ बंधे हुए थे। ग्रामीणों की मदद से उसे सिहोरा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम से स्पष्ट होगी स्थिति
पुलिस हत्या के साथ मामले के अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है। महिला के साथ किसी तरह की आपराधिक घटना हुई थी या नहीं, यह पोस्टमार्टम और जांच के बाद स्पष्ट होगा। पुलिस संदिग्ध युवकों की तलाश कर रही है।
पोस्टमार्टम के बाद पता चलेगा कोई अन्य घटना तो नहीं हुई
खितौला थाने के एसआई अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि महिला के दोनों हाथ बंधे थे। सिर और गले में चोट के निशान मिले हैं। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। महिला के साथ कोई अन्य घटना हुई है या नहीं, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
ये भी पढ़ें: छिंदवाड़ा: पुलिस ने किया चेन स्नैचिंग का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; महंगे शौक पूरे करने के लिए करते थे चोरी




















