'दाऊद ने ताज होटल में बम रखा है'...धमकी भरे कॉल से मचा हड़कंप, जांच शुरू

मुंबई के ताज होटल में बम होने की धमकी मिलने के बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ते और फॉरेंसिक टीम ने देर रात सर्च ऑपरेशन चलाया। होटल से कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस ने धमकी भरे कॉल की जांच शुरू कर दी है और कॉल करने वाले की तलाश जारी है।
धमकी भरे कॉल से मचा हड़कंप, जांच शुरू
मुंबई के ताज होटल को बम से उड़ाने की धमकी

मुंबई के प्रतिष्ठित ताज होटल में बम होने की धमकी मिलने के बाद रविवार देर रात सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता (BDDS) और जांच टीम मौके पर पहुंची और होटल में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, जांच के दौरान कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

आधी रात कंट्रोल रूम में आया धमकी भरा कॉल

पुलिस के मुताबिक, रात करीब 12:13 बजे नवी मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम में एक व्यक्ति का फोन आया। कॉल करने वाले ने दावा किया कि "दाऊद ने ताज होटल में बम रखा है।" इसके बाद सूचना तुरंत मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम को भेजी गई और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं।

होटल के हर हिस्से की ली गई तलाशी

धमकी के बाद पुलिस और BDDS की टीम ने होटल की मुख्य लॉबी, स्विमिंग पूल, रेस्टोरेंट, बैंक्वेट हॉल, पार्किंग और अन्य संवेदनशील स्थानों की गहन जांच की। तलाशी अभियान के दौरान कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला।

Bomb Threat

तुर्भे इलाके से किया गया था कॉल

तकनीकी जांच में पता चला कि धमकी भरा फोन नवी मुंबई के तुर्भे इलाके से किया गया था। इसके बाद पुलिस ने कॉल करने वाले की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है। तुर्भे पुलिस की मदद से संदिग्ध का पता लगाया जा रहा है।

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर

घटना के बाद ताज होटल और आसपास के इलाके की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस लगातार होटल परिसर और आसपास की गतिविधियों पर नजर रख रही है। फिलहाल किसी संदिग्ध व्यक्ति के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।

पहले भी मिल चुकी है ऐसी धमकी

पुलिस ने बताया कि कुछ महीने पहले भी ताज होटल को इसी तरह की धमकी मिली थी। फिलहाल इस मामले में फोन कॉल की सत्यता और कॉल करने वाले के मकसद की जांच की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर होटल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...

Latest Posts