सीहोर में 162 लड़कियां और महिलाएं फिर थाम रहीं किताबें, सेकंड चांस कार्यक्रम से करेंगी 10वीं की तैयारी

सीहोर। पारिवारिक जिम्मेदारियों, आर्थिक तंगी और सामाजिक परिस्थितियों के चलते जिन लड़कियों और महिलाओं के हाथों से किताबें छूट गई थीं, अब उनके सपनों को दोबारा पंख लग रहे हैं। पढ़ाई अधूरी रहने की मजबूरी को चुनौती देते हुए प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन का सेकंड चांस कार्यक्रम सीहोर में महिलाओं के लिए शिक्षा की नई राह खोल रहा है। इस पहल के तहत सीहोर ब्लॉक में 162 शिक्षार्थी दोबारा पढ़ाई से जुड़कर कक्षा 10वीं की परीक्षा की तैयारी कर रही हैं। खास बात यह है कि उन्हें शिक्षा के साथ अध्ययन सामग्री और परीक्षा की तैयारी के लिए निःशुल्क सहयोग भी दिया जा रहा है।
6 क्लस्टरों में 162 शिक्षार्थियों का नामांकन
शैक्षणिक सत्र 2026-27 में सीहोर ब्लॉक के छह क्लस्टरों में कुल 162 लड़कियों एवं महिलाओं ने सेकंड चांस कार्यक्रम के तहत नामांकन कराया है। इनमें गंज क्लस्टर में 40, मुगिसपुर में 35, खमलिया में 13, दोराहा में 27, बिजलोन में 21 और कौड़िया छितु में 26 शिक्षार्थी शामिल हैं। ये आंकड़े बताते हैं कि पढ़ने की इच्छा और आगे बढ़ने का जज्बा उम्र तथा परिस्थितियों का मोहताज नहीं है।
निःशुल्क पढ़ाई से लेकर बोर्ड परीक्षा तक पूरी तैयारी
कार्यक्रम के अंतर्गत शिक्षार्थियों को राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (NIOS) के माध्यम से कक्षा 10वीं की परीक्षा की तैयारी कराई जा रही है। स्थानीय अध्ययन केंद्रों पर हिंदी, अंग्रेजी, गणित, गृह विज्ञान, डाटा एंट्री और पेंटिंग जैसे विषयों की नियमित कक्षाएं संचालित हो रही हैं। इसके साथ डिजिटल माध्यमों और जीवन कौशल गतिविधियों के जरिए भी उन्हें सीखने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उद्देश्य यह है कि पढ़ाई से लंबे समय तक दूर रहीं महिलाएं दोबारा आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में शामिल हो सकें।
6 सदस्यीय टीम संभाल रही शैक्षणिक जिम्मेदारी
कार्यक्रम के संचालन में टीम लीडर दीपक कुशवाहा के साथ फैसिलिटेटर गायत्री कुशवाह, पदमा मेहरा, कुंती कौशल, संजय अहिरवार एवं अभिनंदन मेवाड़ा सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। टीम द्वारा नियमित कक्षाओं, उपस्थिति, विषयवार पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
10वीं के बाद भी खुलेंगे शिक्षा और रोजगार के रास्ते
सेकंड चांस कार्यक्रम का लक्ष्य केवल शिक्षार्थियों को दसवीं की परीक्षा पास कराना नहीं है, बल्कि उन्हें आगे की शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना भी है। इसके लिए उच्च शिक्षा और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की जानकारी देकर उन्हें भविष्य की दिशा चुनने में मार्गदर्शन दिया जा रहा है। प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन वर्ष 2012 से इस कार्यक्रम का संचालन कर रहा है। देश के लगभग 12 राज्यों में अब तक 50 हजार से अधिक शिक्षार्थी इससे लाभान्वित हो चुके हैं। सीहोर में 162 महिलाओं और लड़कियों की यह पहल उन सभी के लिए उम्मीद का संदेश है, जिनकी पढ़ाई किसी मजबूरी के कारण बीच में छूट गई थी। साफ संदेश है कि शिक्षा पर किसी उम्र का पहरा नहीं और अधूरे सपनों को पूरा करने का दूसरा अवसर हमेशा नई शुरुआत बन सकता है।




















