रीवा के गांधी मेमोरियल अस्पताल में प्रसूता की मौत के बाद केंद्र ने सरकार से मांगी कार्रवाई की रिपोर्ट

रीवा। गांधी मेमोरियल अस्पताल (GMH) में प्रसव के बाद 27 वर्षीय रचना रजक की मौत के मामले में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सख्त रुख अपनाया है। स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय के सहायक महानिदेशक डॉ. सुमित कुमार कांसोटिया ने 25 नवंबर को मध्यप्रदेश शासन के लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव को पत्र जारी कर पूरे मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है।
परिजनों ने लगाया डॉक्टरों की लापरवाही का आरोप
गढ़ निवासी रचना रजक को प्रसव के लिए जीएमएच में भर्ती कराया गया था। सामान्य प्रसव के बाद डॉक्टरों ने बच्चेदानी में कचरा होने की बात कहकर ऑपरेशन किया और बच्चेदानी निकाल दी। इसके बावजूद रक्तस्राव नहीं रुका और 11 अक्टूबर को रचना की मौत हो गई, हालांकि नवजात सुरक्षित है। मृतका के परिजनों ने डॉक्टरों पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने और मौत की सूचना छिपाने का आरोप लगाया है।
ये भी पढ़ें: रीवा न्यूक्लियर प्लांट विरोध में AAP प्रवक्ता प्रमोद शर्मा समेत ग्रामीणों पर FIR, चिता आंदोलन को लेकर कार्रवाई
सामाजिक कार्यकर्ता ने भेजी थी शिकायत
सामाजिक कार्यकर्ता सर्वेश कुमार सोनी ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग और महिला आयोग को संयुक्त शिकायत भेजी थी। इसमें 26 अगस्त को कल्पना मिश्रा और उनके नवजात की मौत का मामला भी जोड़ा गया है। शिकायत में एम्स भोपाल या जबलपुर मेडिकल कॉलेज के बाहरी विशेषज्ञों से मातृ मृत्यु ऑडिट कराने, दोषी डॉक्टरों पर बीएनएस की धारा 106 के तहत केस दर्ज करने और पीड़ित परिवार को अंतरिम मुआवजा देने की मांग की गई है। साथ ही, अस्पताल परिसर में मीडिया की एंट्री रोकने को संविधान के अनुच्छेद 19(1)(a) का उल्लंघन बताया गया है। अब सभी की निगाहें राज्य शासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।




















