कार्तिगई दीपम विवाद: ASI ने सुप्रीम कोर्ट से कहा- पुलिस ने अधिकारियों को दीप जलाने से रोका, यह अदालत की घोर अवमानना

नई दिल्ली। तमिलनाडु के तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर चल रहे विवाद में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट में कहा कि राज्य पुलिस ने उसके अधिकारियों को विवादित दीपथून स्तंभ के पास जाने से रोक दिया था। ASI के अधिकारियों को वहां अनुष्ठानिक दीप के पास तक जाने की अनुमति नहीं दी गई। इस पर केंद्र सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने इसे अदालत की घोर अवमानना और प्रशासनिक अहंकार का मामला बताया। न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की पीठ अवमानना याचिकाओं और अन्य आवेदनों पर सुनवाई कर रही थी। मामला सुप्रीम कोर्ट के 20 नवंबर के उस आदेश के अनुपालन से जुड़ा है, जिसमें 24 नवंबर को एक बार के लिए विवादित दीपथून स्तंभ पर कार्तिगई दीपम प्रज्ज्वलित करने की अनुमति दी गई थी।
पुलिस ने ASI अधिकारियों को दीपथून तक जाने से रोका
सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने पीठ को बताया कि मंदिर के न्यासियों ने ASI को सूचित किया था कि उसके अधिकारियों के प्रवेश को लेकर उन्हें उच्चाधिकारियों से कोई निर्देश नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि स्थानीय पुलिस ने अपराह्न तीन बजे ASI के दल को एक स्थान पर रोक दिया और उसे दीप के पास जाने की अनुमति नहीं दी। मेहता ने कहा कि ‘मेरी विनम्रतापूर्वक दलील है कि यह अदालत की घोर अवमानना और प्रशासनिक अहंकार का मामला है। सरकार शुरू से ही इसका विरोध करती रही है।‘ उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस की कार्रवाई से जुड़े वीडियो उपलब्ध हैं, जिनमें पूरे परिसर में पुलिसकर्मियों की तैनाती देखी जा सकती है। सॉलिसिटर जनरल ने अदालत से अनुरोध किया कि मामले की निगरानी किसी अन्य एजेंसी से कराई जाए।
अवमानना के आरोपियों की दलील से पहले दीप जलाने की मांग
तुषार मेहता ने अदालत से कहा कि जब यह स्वीकार किया जा चुका है कि आदेश का पालन नहीं हुआ, तो अवमानना के आरोपियों की दलीलें सुनने से पहले दीपथून पर दीप प्रज्ज्वलित कराया जाना चाहिए। उनके मुताबिक, ऐसा करने से अवमानना की स्थिति से बचा जा सकता है।
सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई का दायरा किया स्पष्ट
सुनवाई की शुरुआत में सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि वह इस मामले के मूल विवाद पर विचार नहीं करेगा। अदालत की सुनवाई केवल 20 नवंबर के आदेश का अनुपालन नहीं किए जाने के मुद्दे तक सीमित रहेगी। इसी आदेश में 24 नवंबर को एक बार के लिए दीपथून स्तंभ पर कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति दी गई थी।
याचिकाकर्ता ने तमिलनाडु सरकार पर लगाए आरोप
अवमानना याचिकाकर्ता कार्तिकेयन की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता एस. गुरु कृष्ण कुमार ने दलील दी कि तमिलनाडु सरकार ने शुरुआत से ही तय कर लिया था कि वह दीप प्रज्ज्वलित करने की अनुमति नहीं देगी। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से पेश प्रारंभिक रिपोर्ट को एक तरह की स्वीकारोक्ति बताया। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी को इस संबंध में ASI से भी परामर्श करना था लेकिन इस जिम्मेदारी का निर्वहन नहीं किया गया। उनके मुताबिक दीप जलाने के अलावा बाकी सभी गतिविधियां की गईं और दीप नहीं जलाए जाने का एकमात्र कारण न्यासी मंडल की ओर से अनुमति नहीं दिया जाना था।




















