हरदा में 4,763 क्विंटल चावल की गड़बड़ी उजागर, 14 ट्रक गायब; ट्रांसपोर्टर के चार पार्टनर्स पर FIR

हरदा। कटनी जिले से फोर्टीफाइड चावल की गुमशुदगी मामले में जांच के बाद गुरुवार को मेसर्स भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस चाकघाट के चार पार्टनर्स के विरुद्ध पुलिस थाना रंगनाथ नगर में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
साथ ही उपार्जन के लिए परिवहनकर्ता मेसर्स भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस को प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश नागरिक आपूर्ति निगम भोपाल ने कटनी जिले के परिवहन कार्य के लिए प्रतिबंधित भी कर दिया है। चावल की अफरातफरी का ये मामला हरदा से भी जुड़ा हुआ है।
31 ट्रकों में लदे थे 10,797 क्विंटल चावल
प्राप्त जानकारी के अनुसार कटनी कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर हुई जांच में पाया गया कि कटनी जिले से हरदा, नीमच और इंदौर के लिए भेजे गए 31 ट्रकों में कुल 21,765 बोरे चावल लदे थे। इनका कुल वजन 10,797.18 क्विंटल था।
आरोप है कि परिवहनकर्ता फर्म द्वारा चावल निर्धारित गंतव्य तक नहीं पहुंचाया गया और उसकी अफरातफरी कर दी गई। परिवहनकर्ता फर्म के पार्टनरों द्वारा चावल की डिलीवरी के फर्जी चालान तैयार कर उनकी पावती कार्यालय में प्रस्तुत की गई। इस अनियमितता से शासन को आर्थिक क्षति पहुंची है।
कटनी में 10,797 क्विंटल फोर्टिफाइड चावल गायब, चार लोगों पर FIR
हरदा नहीं पहुंचे चावल से भरे 14 ट्रक
उल्लेखनीय है कि मामले में परिवहनकर्ताओं ने सभी जगह ट्रक पहुंचने की पावती सौंपी थी। लेकिन, गड़बड़ी उजागर होने पर हरदा में पावती का सत्यापन किया गया। जिसमें पाया गया कि चावल से भरे 14 ट्रक हरदा नहीं पहुंचे हैं।
यहां बताना होगा कि कटनी से शासकीय राशन के 4,763 क्विंटल चावल से भरे 14 ट्रक हरदा नहीं पहुंचे। ये खेप मई से अगस्त 2025 में भेजी गई। इसकी पोल तब खुली जब नागरिक आपूर्ति निगम हरदा से कटनी पत्र लिखा गया। तब कटनी में इसकी जांच शुरू हुई।
इंदौर और नीमच के ट्रक भी नहीं पहुंचे
कटनी से ही इंदौर के 8 ट्रक और नीमच के 10 ट्रक नहीं पहुंचे हैं। पूरे मामले में मंगलवार को ट्रांसपोर्टर ने सभी जगह ट्रक पहुंचने और वहां से प्राप्त पावती होने का दावा किया था, जिसका बुधवार को खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा सत्यापन किया गया। जिसमें चावल से भरे ट्रक हरदा नहीं पहुंचने की जानकारी सामने आई है। इसकी जानकारी खाद्य एवं आपूर्ति विभाग हरदा ने कटनी को भेज दी है।
कटनी से भेजा 10,975 क्विंटल फोर्टिफाइड चावल तीन जिलों में गायब, 4 करोड़ के गबन की EOW में शिकायत
चार पार्टनर्स के खिलाफ FIR दर्ज
उल्लेखनीय है कि नागरिक आपूर्ति निगम जिला कार्यालय हरदा के प्रबंधक ने 7 सितंबर 2026 को कटनी के जिला प्रबंधक को पत्र लिखकर 14 ट्रकों का चावल अप्राप्त होने की जानकारी दी थी। इसके बाद मामले को लेकर जांच पड़ताल शुरू हुई।
कटनी के प्रभारी नान अधिकारी रविकांत ठाकुर ने रंगनाथ नगर पुलिस थाना में भाग्यलक्ष्मी रोड लाइंस के पार्टनर दीपक जैन, किशन केशरवानी, शांति मिश्रा और मनोज कुमार तिवारी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 316 (5), 338, 336 (3), 340 (2) एवं 318 (4) के तहत अपराध क्रमांक 500/2026 दर्ज कराया है। पुलिस ने प्रकरण पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
तीन प्रदाय केंद्रों से कराया गया सत्यापन
खाद्य आपूर्ति अधिकारी, गंगा कुमरे ने बताया कि पावतियां सत्यापन के लिए प्राप्त हुई थी। बुधवार को तीन प्रदाय केंद्रों को पत्र भेज कर प्राप्त पावतियों का सत्यापन करवाया गया। तीनों प्रदाय केंद्रों पर भी ट्रक नहीं पहुंच पाने की जानकारी लिखित में प्राप्त हुई, यह जानकारी कटनी भेजी गई है।




















