परिसीमन विधेयक पास कराने के लिए सरकार का 360 वोटों का लक्ष्य, DMK और NCP (SP) के समर्थन से बदल सकता है पूरा गणित, जानें पूरा समीकरण

नई दिल्ली। संसद के विशेष सत्र और परिसीमन विधेयक (Delimitation Bill) को लेकर चर्चा गर्म है। कहा जा रहा है कि यह बिल जल्द ही संसद में पेश होगा। सूत्रों का कहना है कि ऐसा कहे जाने के पीछे कारण भी दिखाई दे रहे हैं। क्योंकि, संसद से इसे पारित करने के लिए केंद्र सरकार ने अपनी रणनीति तेज कर दी है। भाजपा सरकार के फ्लोर मैनेजर लोकसभा में जरूरी दो-तिहाई बहुमत हासिल करने के लिए 360 वोटों का आंकड़ा जुटाने में लगे हैं। हाल के राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए सरकार इस लक्ष्य के करीब पहुंच सकती है, बशर्ते कुछ विपक्षी दल अपने पहले के रुख में बदलाव करें। सरकार की नजर विशेष रूप से DMK और शरद पवार के नेतृत्व वाली NCP (SP) पर है। ये दोनों दल पहले विधेयक का विरोध कर चुके हैं। अब इनके समर्थन की संभावना इस बात पर निर्भर करेगी कि सरकार राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाने की मांग स्वीकार करती है या नहीं।
50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने पर DMK और NCP दे सकते हैं समर्थन
DMK और NCP (SP) की प्रमुख मांग है कि परिसीमन के तहत राज्यों की सीटों में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाए। दोनों राजनीतिक दलों ने संकेत दिए हैं कि यदि उनकी यह मांग मान ली जाती है, तो वे परिसीमन विधेयक के पक्ष में मतदान कर सकते हैं। सरकार भी इस प्रस्ताव को स्वीकार करने और विधेयक के मसौदे में शामिल करने के लिए तैयार दिखाई दे रही है। इधर, सूत्रों के अनुसार शरद पवार की NCP ने अपने सभी आठ सांसदों को व्हिप जारी किया है। इसके जरिए उन्हें संसद की विशेष बैठक के दौरान सदन में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, तमिलनाडु में कांग्रेस से अलग होने और INDIA गठबंधन से बाहर निकलने के बाद 22 सांसदों वाली DMK ने कहा है कि संसद में तमिलनाडु की हिस्सेदारी 7.2 प्रतिशत बनी रहनी चाहिए। पार्टी का मानना है कि यदि सरकार सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान विधेयक में जोड़ देती है, तो उसकी इस चिंता का समाधान हो सकता है।
17 अप्रैल की वोटिंग में 54 वोटों से पिछड़ गई थी सरकार

17 अप्रैल को संवैधानिक संशोधन के लिए हुए मतदान में सरकार जरूरी समर्थन हासिल नहीं कर पाई थी। उस दौरान विधेयक के पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े थे। मतदान के समय सदन में कुल 528 सदस्य मौजूद थे। संवैधानिक संशोधन पारित कराने के लिए 352 वोटों की आवश्यकता थी, लेकिन सरकार को 54 वोट कम मिले थे।
लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत का गणित
यदि लोकसभा के सभी 540 सदस्य मौजूद रहते हैं और मतदान करते हैं, तो दो-तिहाई बहुमत हासिल करने के लिए करीब 360 वोटों की जरूरत होगी। हालांकि, मतदान के दिन सदन में उपस्थित सदस्यों की संख्या घटने पर आवश्यक बहुमत का आंकड़ा भी कम हो जाएगा। इसी गणित को ध्यान में रखते हुए सरकार अपनी रणनीति तैयार कर रही है।
सांसदों की गैरमौजूदगी से बदल सकता है बहुमत का गणित
परिसीमन विधेयक को पारित कराने के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत की गणना सदन में उपस्थित होकर मतदान करने वाले सदस्यों के आधार पर होगी। ऐसे में कुछ सांसदों की गैरमौजूदगी सरकार के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है। ऐसे कुछ सांसद हैं भी...
- TMC के कल्याण बनर्जी को जुलाई में मानसून सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया गया था। अगले सप्ताह प्रस्तावित विशेष बैठक भी मानसून सत्र का हिस्सा होगी। ऐसे में यह साफ नहीं है कि उन्हें मतदान में हिस्सा लेने की अनुमति मिलेगी या नहीं।
- दो सांसद फिलहाल जेल में हैं। इनमें कश्मीर के निर्दलीय सांसद शेख रशीद और पंजाब से 'वारिस पंजाब दे' के अमृतपाल सिंह शामिल हैं।
- नेशनल कॉन्फ्रेंस के आगा रुहुल्लाह ने हाल ही में इस्तीफा दे दिया है। इसके बाद विपक्षी गठबंधन का हिस्सा रही नेशनल कॉन्फ्रेंस के पास अब केवल एक सांसद बचा है।
- सदन में कुछ ऐसे छोटे दलों और निर्दलीय सांसदों की भी मौजूदगी है, जो न तो NDA के साथ हैं और न ही INDIA गठबंधन का हिस्सा हैं।
- इनमें AAP के 3 सांसद, 3 निर्दलीय सांसद और ZPM, ASP तथा AIMIM के एक-एक सांसद शामिल हैं।
NDA के पास फिलहाल 319 सांसदों का समर्थन

ऐसे 350 तक पहुंच सकती है संख्या
- अगर शरद पवार की NCP (SP) के सभी आठ सांसद सरकार के पक्ष में आ जाते हैं, तो समर्थन का आंकड़ा 319 से बढ़कर 328 हो सकता है।
- पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने संकेत दिया है कि राज्यों में सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाने का आश्वासन मिलने पर उनकी पार्टी विधेयक का समर्थन कर सकती है।
- इसके बाद यदि DMK के 22 सांसद भी सरकार के पक्ष में मतदान करते हैं, तो कुल संख्या 350 तक पहुंच जाएगी।
- हालांकि, यह संख्या दो-तिहाई बहुमत के 360 के आंकड़े से अभी भी 10 कम होगी।
YSRCP और UPPL के समर्थन पर भी सरकार की नजर
सरकार को बहुमत के करीब पहुंचाने में YSRCP और UPPL की भूमिका अहम हो सकती है। पिछली बार जगन रेड्डी की पार्टी YSRCP के चार सांसद सरकार के समर्थन में थे। लेकिन संसद की विशेष बैठक को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच पार्टी से जुड़े सूत्रों ने संकेत दिया है कि विधेयक की विषयवस्तु को देखते हुए उसका रुख बदल सकता है। यदि YSRCP के चार सांसद सरकार के पक्ष में आते हैं, तो समर्थन का आंकड़ा 350 से बढ़कर 355 हो जाएगा। इसके बावजूद सरकार को बहुमत के निर्धारित आंकड़े तक पहुंचने के लिए पांच और वोटों की जरूरत होगी। एक सांसद वाली UPPL भी विधेयक के समर्थन में आ सकती है। यह पार्टी पहले असम में BJP की सहयोगी रह चुकी है। पिछली बार एक निर्दलीय सांसद ने भी सरकार के पक्ष में मतदान किया था।

परिसीमन आयोग की भूमिका
यह प्रक्रिया एक स्वतंत्र और उच्चाधिकार प्राप्त परिसीमन आयोग (Delimitation Commission) के जरिए होती है, जिसके आदेश कानून की तरह लागू होते हैं और जिन्हें अदालत में चुनौती नहीं दी जा सकती।




















