बिरयानी के बाद खाया तरबूज…और उजड़ गया पूरा परिवार, एक ही परिवार के 4 लोगों की संदिग्ध मौत

मुंबई के पायधुनी इलाके में एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई है। डिनर के बाद तरबूज खाने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी और इलाज के दौरान सभी ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने तरबूज का सैंपल जांच के लिए भेजा है और FDA, FSL व अस्पताल की टीमें जांच में जुटी हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी।
और उजड़ गया पूरा परिवार, एक ही परिवार के 4 लोगों की संदिग्ध मौत

मुंबई के पायधुनी इलाके से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, खाना खाने के बाद तरबूज खाने से उनकी तबीयत बिगड़ी और इलाज के दौरान सभी ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

मृतकों की हुई पहचान

इस हादसे में 40 वर्षीय अब्दुल्ला अब्दुल कादर, उनकी पत्नी नसरीन (35) और दो बेटियां आयशा (16) और ज़ैनब (13) की मौत हो गई। एक साथ पूरे परिवार के चले जाने से इलाके में शोक का माहौल है।

रिश्तेदारों के साथ किया था डिनर

पुलिस के अनुसार, 25 अप्रैल की रात परिवार ने घर पर डिनर रखा था। रात करीब 10:30 बजे परिवार के चारों सदस्य अपने पांच रिश्तेदारों के साथ खाना खाए। खाना खाने के बाद रिश्तेदार अपने-अपने घर लौट गए और उस समय तक सब कुछ सामान्य था।

तरबूज खाने के बाद बिगड़ी तबीयत

रिश्तेदारों के जाने के बाद रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच परिवार के चारों सदस्यों ने तरबूज खाया। इसके कुछ देर बाद ही सभी की तबीयत अचानक खराब होने लगी। उन्हें पेट दर्द, उल्टी और घबराहट जैसे लक्षण होने लगे। पहले उन्हें एक स्थानीय डॉक्टर को दिखाया गया, लेकिन हालत लगातार बिगड़ती गई।

Breaking News

अस्पताल में इलाज के दौरान मौत

हालत गंभीर होने पर चारों को जेजे अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान सबसे पहले छोटी बेटी ज़ैनब की सुबह मौत हो गई। इसके बाद आयशा, मां नसरीन और आखिर में पिता अब्दुल्ला ने भी दम तोड़ दिया। इस घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।

स्थानीय व्यवसायी थे अब्दुल्ला

अब्दुल्ला अब्दुल कादर मुंबई में मोबाइल एक्सेसरीज की दुकान चलाते थे। वे अपने परिवार के साथ पायधुनी इलाके में रहते थे। उनके परिवार की अचानक मौत से जानने वाले भी सदमे में हैं।

जांच के लिए भेजा गया तरबूज का सैंपल

पुलिस ने घर से आधा कटा हुआ तरबूज बरामद किया है, जिसे जांच के लिए भेजा गया है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कहीं इसमें कोई जहरीला पदार्थ, बैक्टीरिया या मिलावट तो नहीं थी।

तीन स्तर पर जांच जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तीन अलग-अलग विभाग कर रहे हैं-

FDA (खाद्य एवं औषधि प्रशासन): खाने में मिलावट या जहरीले पदार्थ की जांच

जेजे अस्पताल का माइक्रोबायोलॉजी विभाग: संक्रमण और बैक्टीरिया की जांच

FSL (फॉरेंसिक साइंस लैब): भोजन और शरीर के नमूनों के आधार पर मौत की वजह का पता

अंतिम रिपोर्ट का इंतजार

चारों का पोस्टमॉर्टम हो चुका है, लेकिन मौत की असली वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। हिस्टोपैथोलॉजी और अन्य मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हर पहलू से जांच की जा रही है।

एक ही परिवार के चार लोगों की अचानक मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या यह फूड पॉइजनिंग का मामला है या कुछ और इसका जवाब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मिलेगा।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts