पीर निगाह से लौटते वक्त खाई में गिरा श्रद्धालुओं से भरा ट्रक, 50 से ज्यादा घायल, हरियाणा से हिमाचल दर्शन करने आए थे

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पीर निगाह के पास श्रद्धालुओं से भरा ट्रक अचानक बेकाबू होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में 50 से ज्यादा श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल हैं।
हरियाणा से पीर निगाह पहुंचे थे श्रद्धालु
हादसे का शिकार हुए सभी श्रद्धालु हरियाणा के करनाल जिले के इंद्री और आसपास के इलाकों के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पानीपत, फतेहाबाद और हरियाणा के दूसरे इलाकों से भी लोग अपने रिश्तेदारों के साथ जत्थे में रविवार को पीर निगाह पहुंचे थे। श्रद्धालुओं ने यहां माथा टेका और भंडारे का आयोजन भी किया। इसके बाद मंगलवार सुबह करीब 50 से 60 लोग ट्रक में सवार होकर माता नैना देवी के दर्शन के लिए निकल पड़े।
मंदिर से 2 किलोमीटर दूर हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि पीर निगाह मंदिर से करीब 2 किलोमीटर दूर एक खतरनाक मोड़ पर ट्रक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। देखते ही देखते ट्रक सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना जोरदार था कि ट्रक में सवार कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
ये भी पढ़ें: विधायक की बेटी ने महिला पुलिसकर्मी को जड़ा थप्पड़, सामने आया मंदिर का VIDEO
स्थानीय लोगों ने शुरू किया रेस्क्यू
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस और प्रशासन के पहुंचने से पहले ही बचाव का काम शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद ट्रक में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकाला गया। घायलों को एंबुलेंस और स्थानीय लोगों की गाड़ियों से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को प्राथमिक इलाज के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
कुछ श्रद्धालुओं को भेजा गया घर
जिन लोगों की हालत स्थिर बताई जा रही है, उन्हें वाहनों की मदद से उनके पैतृक गांव इंद्री वापस भेजा जा रहा है। परिवार के लोग भी घायलों की जानकारी लेने के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं।
पुलिस-प्रशासन ने संभाला मोर्चा
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। तहसीलदार ऊना की ओर से घायलों को तत्काल मदद पहुंचाने की कार्रवाई शुरू की गई। प्रशासन की टीमें अस्पताल में भी घायलों के इलाज और उनके परिजनों से जुड़ी जरूरी व्यवस्थाओं पर नजर रख रही हैं।
हर साल झंडा रस्म के लिए आते हैं श्रद्धालु
बताया जा रहा है कि श्रद्धालु हर साल की तरह इस बार भी पीर निगाह दरबार में झंडा रस्म अदा करने पहुंचे थे। इसके बाद उनका माता नैना देवी के दर्शन करने और फिर वापस घर लौटने का कार्यक्रम था। लेकिन मंदिर से कुछ दूरी पर हुए इस हादसे ने पूरे जत्थे की यात्रा को मातम और चिंता में बदल दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसा आखिर किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है।





















