स्विगी इंस्टामार्ट में 340 कर्मचारियों की छंटनी, कॉरपोरेट और सपोर्ट टीमों पर सबसे ज्यादा असर; AI और लागत घटाने पर कंपनी का जोर

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का बढ़ता इस्तेमाल अब कंपनियों के कामकाज के साथ कर्मचारियों की नौकरियों को भी प्रभावित करने लगा है। फूड और क्विक कॉमर्स कंपनी स्विगी के इंस्टामार्ट ने करीब 340 कर्मचारियों की छंटनी की है। कंपनी ने यह कदम संगठनात्मक ढांचे में बदलाव और कामकाज को अधिक प्रभावी बनाने की रणनीति के तहत उठाया है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस छंटनी का सबसे ज्यादा असर कॉरपोरेट और सपोर्ट टीमों पर पड़ा है।
AI के हिसाब से टीमों का पुनर्गठन
रिपोर्ट के अनुसार इंस्टामार्ट अपनी ऑपरेशनल एफिशिएंसी बढ़ाने और लागत कम करने के लिए कर्मचारियों की संख्या घटा रहा है। कंपनी जनरेटिव AI और काम करने के नए तरीकों को ध्यान में रखकर अपनी टीमों का पुनर्गठन कर रही है। इसका उद्देश्य एक जैसे काम करने वाली टीमों की संख्या कम करना, जिम्मेदारियां स्पष्ट करना और फैसले लेने की प्रक्रिया को तेज करना है। हालांकि कंपनी ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि किन विभागों में कितने कर्मचारियों की नौकरी गई है। AI के कारण कंपनियों में हो रहे बदलाव का यह अकेला मामला नहीं है। हाल ही में जर्मनी की सॉफ्टवेयर कंपनी SAP भी अपने बिजनेस मॉडल में बदलाव की तैयारी कर रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस प्रक्रिया में करीब 10 हजार नौकरियों पर असर पड़ सकता है।
नई CEO नंदिता सिन्हा के नेतृत्व में बदलाव
इंस्टामार्ट में संगठनात्मक बदलाव कंपनी की नई CEO नंदिता सिन्हा के नेतृत्व में किए जा रहे हैं। उन्होंने 3 अगस्त को अमितेश झा की जगह यह जिम्मेदारी संभाली थी। इससे पहले वह फैशन ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म मिंत्रा की प्रमुख रह चुकी हैं। कंपनी की रणनीति अब कारोबार को अधिक कुशल बनाने, खर्च नियंत्रित करने और टीमों की कार्यक्षमता बढ़ाने पर केंद्रित है।
895 करोड़ रुपये तक पहुंचा घाटा
इंस्टामार्ट के वित्तीय नतीजे भी कंपनी के लिए चुनौती बने हुए हैं। सितंबर तिमाही में कंपनी का एडजस्टेड EBITDA घाटा बढ़कर 895 करोड़ रुपये हो गया, जबकि जून तिमाही में यह 778 करोड़ रुपये था। हालांकि, EBITDA मार्जिन में मामूली सुधार हुआ है। यह -9.8 फीसदी से बढ़कर -9.7 फीसदी पर पहुंच गया। दूसरी ओर कंपनी के कारोबार में बढ़ोतरी जारी है। सितंबर तिमाही में इंस्टामार्ट का नेट ऑर्डर वैल्यू 13.4 फीसदी बढ़कर 6,594 करोड़ रुपये हो गया। इस दौरान कंपनी ने 69 नए डार्क स्टोर भी शुरू किए, जिससे इनकी कुल संख्या बढ़कर 1,240 हो गई।
अपने ब्रांड्स के जरिए मुनाफा बढ़ाने की तैयारी
कंपनी अब मुनाफे में सुधार के लिए अपने प्राइवेट लेबल प्रोडक्ट्स पर भी जोर दे रही है। इसके तहत स्नैक्स और बेवरेज के लिए Noice और ताजे फल-सब्जियों के लिए Nectr ब्रांड लॉन्च किए गए हैं। कंपनी की कोशिश है कि केवल बिक्री बढ़ाने के बजाय बेहतर प्रोडक्ट उपलब्ध कराकर ग्राहकों का भरोसा मजबूत किया जाए।




















