MP में ठंड का सबसे ज्यादा असर कटनी में, करौंदी में पारा 6.8 डिग्री पहुंचा; अगले दो दिन और बढ़ेगी सर्दी

कटनी। मध्य प्रदेश में नवंबर के आखिरी दिनों के साथ ही ठंड ने अपना असर तेज कर दिया है। रात के तापमान में लगातार गिरावट के बीच कटनी प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका बन गया है। जिले के करौंदी में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। सुबह हल्की धुंध और दिनभर चल रही ठंडी हवाओं से लोगों की कंपकंपी बढ़ गई है। ठंड से बचने के लिए लोग सुबह और शाम अलाव का सहारा ले रहे हैं।
पहाड़ी राज्यों की बर्फबारी से बढ़ी ठंड
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ रही है। वहां से आ रही उत्तरी सर्द हवाओं का असर मध्य प्रदेश में भी दिखाई दे रहा है। इसके चलते रात के तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है। सुबह के समय हल्की धुंध के साथ ठंडी हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
अगले दो दिनों में 2 डिग्री तक गिर सकता है पारा
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में कड़ाके की ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। अगले दो दिनों में रात का तापमान करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक और गिर सकता है। ऐसे में आने वाले दिनों में ठंड का असर और बढ़ने की संभावना है।
कटनी में ब्लैकआउट मॉकड्रिल, दमकल और बचाव दल ने लोगों को निकालने का किया प्रदर्शन
दमोह में 7 डिग्री, भोपाल में 8.8 डिग्री तापमान
प्रदेश में न्यूनतम तापमान के मामले में कटनी के बाद दमोह दूसरे स्थान पर रहा। यहां पारा 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अन्य शहरों और इलाकों का न्यूनतम तापमान इस प्रकार रहा:
- करौंदी, कटनी – 6.8 डिग्री
- दमोह – 7 डिग्री
- कल्याणपुर, शहडोल – 7.4 डिग्री
- गिरवर, शाजापुर – 7.7 डिग्री
- भोपाल – 8.8 डिग्र
- जबलपुर – 9.8 डिग्री
- उमरिया – 9.8 डिग्री
प्रदेश के कई इलाकों में रात के तापमान में गिरावट के साथ सर्दी का असर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, अगले कुछ दिन लोगों को ठंड से सतर्क रहने की जरूरत होगी।




















