जौरा में चोरों का आतंक: एक रात में चार सूने मकानों से लाखों का माल पार, बाहर से लगा दीं कुंडियां

जौरा। मुरैना जिले के जौरा शहर में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला शहर की आवास कॉलोनी का है, जहां बीती दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने एक साथ चार सूने मकानों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मकानों के ताले चटकाकर घरों में रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, टीवी सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए।
बाहर से लगा दीं कुंडियां
वारदात का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि चोरों ने चोरी करने से पहले कॉलोनी के मकानों के बाहर की कुंडियां लगा दीं, ताकि रात में यदि कोई जाग जाए तो वह अपने घर से बाहर न निकल सके। इसके बाद चोरों ने बेखौफ होकर एक के बाद एक चार सूने मकानों के ताले तोड़े और इत्मीनान से चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
घंसौर में सूने मकान को चोरों ने बनाया निशाना, लाखों रुपए का सामान लेकर फरार
ये चार मकान बने शिकार
जानकारी के अनुसार, चोरों ने सबसे पहले मकान नंबर 34 में रहने वाले मुकेश शाक्य के यहां चोरी की। इसके बाद अनेक सिंह सिकरवार के मकान को निशाना बनाया। वहीं तीसरी वारदात मकान नंबर 177 निवासी पुष्पा गोस्वामी और चौथी वारदात मकान नंबर 59 निवासी विजय भारत के मकान में हुई।
फ्रिज की मिठाई तक खा गए
पीड़ितों के अनुसार, चोर घरों में रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, टीवी सहित अन्य कीमती सामान समेटकर ले गए। बताया जा रहा है कि चोरों ने घरों में रखे सामान को खंगालने के साथ फ्रिज में रखी मिठाई तक खा ली। सुबह जब लोगों ने बाहर निकलने का प्रयास किया तो मकानों की कुंडियां बाहर से लगी मिलीं। इसके बाद फोन के माध्यम से जानकारी दी गई और लोगों ने एक-दूसरे के मकानों की कुंडियां खोलकर सभी को बाहर निकाला।
शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
गौरतलब है कि जौरा शहर में लगातार चोरी की वारदातें सामने आ रही हैं। बीते दिनों भी एक दर्जन से अधिक चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद चोरों के हौसले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। अब एक ही रात में चार मकानों में हुई चोरी की इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस पर टिकी निगाहें
आखिर जौरा में लगातार हो रही चोरी की वारदातों पर पुलिस कब अंकुश लगाएगी? चोर बेखौफ होकर घरों को निशाना बना रहे हैं और शहरवासी अपनी संपत्ति की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में कितनी जल्दी चोरों का सुराग लगाकर चोरी की वारदातों का खुलासा करती है।




















