
दिल्ली में गुरुवार को एक बड़ा हादसा होने से टल गया। दरअसल, स्पाइस जेट की एक फ्लाइट में टेकऑफ के बाद अचानक से ऑटो पायलट सिस्टम में खराबी आ गई। इसके चलते फ्लाइट को आधे रास्ते से दिल्ली वापस लौटना पड़ा। फ्लाइट ने दिल्ली से नाशिक के लिए उड़ान भरी थी।
सभी यात्री सुरक्षित
दरअसल, स्पाइस जेट B737 फ्लाइट SG 8363 ने दिल्ली से नाशिक के लिए सुबह 6:54 बजे उड़ान भरी थी। जिसके बाद फ्लाइट को बीच हवा में ऑटो पायलट सिस्टम में खराबी के चलते दिल्ली लौटना पड़ा। विमानन नियामक डीजीसीए की ओर से यह जानकारी दी गई है। दिल्ली में फ्लाइट की नॉर्मल लैंडिंग कराई गई और सभी यात्रियों को सुरक्षित उतारा गया।
बार-बार तकनीकी खराबी की घटनाएं आ रहीं
स्पाइसजेट के कई विमानों में बीते कुछ महीनों से बार-बार तकनीकी खराबी की घटनाएं सामने आ रही हैं। DGCA ने एयरलाइंस कंपनी को 6 जुलाई को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। 30 अगस्त को मुंबई एयरपोर्ट पर लैंडिंग के समय स्पाइसजेट बोइंग 737-800 के विमान का टायर फट गया था।
इसके बाद दिल्ली से आ रही फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। इससे पहले 12 जुलाई को दुबई से मुदुरै जाने वाली उड़ान के अगले पहिए में खराबी आ गई थी। इसके बाद फ्लाइट में देरी हो गई थी। इस बार भी बड़ी लापरवाही देखने को मिली है। बीच हवा में ऑटो पायलट सिस्टम के खराब होने से बड़ा हादसा हो सकता था।
ये भी पढ़ें- SpiceJet की तकनीकी गड़बड़ियों पर DGCA का एक्शन, 50% विमान ही भर सकेंगे उड़ान