Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

MP में शुरू हुआ ‘नशे से दूरी है जरूरी’ अभियान, 15 से 30 जुलाई तक चलेगा प्रदेशव्यापी जन-जागरूकता कार्यक्रम, DGP ने किया उद्घाटन

Follow on Google News
MP में शुरू हुआ ‘नशे से दूरी है जरूरी’ अभियान, 15 से 30 जुलाई तक चलेगा प्रदेशव्यापी जन-जागरूकता कार्यक्रम, DGP ने किया उद्घाटन
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    भोपाल। मध्यप्रदेश में नशे के खिलाफ जन-जागरूकता लाने के लिए पुलिस मुख्यालय से सोमवार को विशेष अभियान ‘नशे से दूरी – है जरूरी’ की शुरुआत की गई। यह अभियान 15 से 30 जुलाई 2025 तक चलाया जाएगा। पुलिस महानिदेशक (DGP) कैलाश मकवाना ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का वाचन करते हुए अभियान का विधिवत उद्घाटन किया और साथ ही अभियान के पोस्टर का विमोचन भी किया।

    डीजीपी मकवाना ने इस अवसर पर कहा कि ड्रग्स एक सामाजिक बीमारी बन चुकी है, जो युवाओं को शारीरिक, मानसिक और सामाजिक रूप से कमजोर बना रही है। उन्होंने कहा कि इस विकराल समस्या से निपटने के लिए सभी विभागों और समाज के हर वर्ग को एकजुट होकर प्रयास करने होंगे।

    Twitter Post

    हम नशामुक्त समाज के लिए प्रतिबद्ध : सीएम

    मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक वीडियो संदेश के माध्यम से प्रदेशवासियों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा- हम नशामुक्त समाज बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसी कड़ी में मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा 15 जुलाई से 30 जुलाई तक ‘नशे से दूरी है जरूरी’ नशामुक्ति अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में पुलिस, प्रशासन, स्कूल, कॉलेज, पंचायत, नगरीय निकाय, सामाजिक संस्थाएं, जनप्रतिनिधि, मीडिया और आमजन सभी मिलकर नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाएंगे।

    Twitter Post

    कई विभागों और संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी

    अभियान में सिर्फ पुलिस ही नहीं, बल्कि विभिन्न विभागों और संगठनों की भागीदारी भी सुनिश्चित की गई है। इसमें शामिल हैं..

    • उच्च शिक्षा विभाग
    • ग्रामीण विकास विभाग
    • सामाजिक न्याय विभाग
    • खेल एवं युवा कल्याण विभाग
    • तकनीकी शिक्षा विभाग
    • स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग
    • नगरीय विकास एवं आवास विभाग
    • स्कूल शिक्षा विभाग
    • इसके साथ ही, एनजीओ, धार्मिक संगठन और सामाजिक संस्थाएं भी जनजागरूकता फैलाने में साथ देंगे।

    हर माध्यम से पहुंचाया जाएगा संदेश

    अभियान के दौरान पूरे प्रदेश में प्रतिदिन विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जैसे कि…

    • रेडियो और एफएम चैनलों पर जागरूकता संदेशों का प्रसारण
    • सार्वजनिक स्थलों पर बैनर, पोस्टर, होर्डिंग्स और पंपलेट का वितरण
    • बस अड्डों और प्रमुख चौराहों पर डिजिटल स्क्रीन के माध्यम से वीडियो प्रचार
    • सोशल मीडिया (फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप) पर जनसंदेशों का प्रसारण
    • प्रिंट मीडिया में लेख, विज्ञापन और कॉलम्स के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी

    वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी

    इस अवसर पर विशेष पुलिस महानिदेशक सीआईडी पवन श्रीवास्तव, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (नारकोटिक्स) के. पी. वेंकटेश्वर समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने इस बात पर जोर दिया कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालने के लिए हर स्तर पर सतत प्रयास ज़रूरी हैं।

    युवाओं को बचाना, समाज को सजग बनाना

    पुलिस महानिदेशक मकवाना ने कहा कि नशा युवाओं की ऊर्जा और भविष्य को निगल रहा है। यह सिर्फ कानून और व्यवस्था का मामला नहीं, बल्कि सामाजिक पुनर्निर्माण का कार्य है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे इस अभियान का हिस्सा बनें और अपने आसपास के लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक करें।

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

    Latest Posts